Thursday, 01 Oct 2026

खेत में अचानक धंसी जमीन, 15 फीट गहरा गड्ढा बना

धार (17 जुलाई 26)। क्षेत्र के ग्राम बाकानेर रोड स्थित अजंदी कोलीपुरा में बुधवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक किसान अपने खेत में बैलों की सहायता से खरपतवार नियंत्रण के लिए बक्खर चला रहा था। इसी दौरान अचानक जमीन धंस गई और खेत के बीचोंबीच लगभग 15 फीट गहरा तथा करीब 8 फीट चौड़ा विशाल गड्ढा बन गया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।

जानकारी के अनुसार किसान टीकम देवड़ा पिछले कई वर्षों से इसी खेत में खेती करते आ रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि हर वर्ष यहां हल, बक्खर एवं अन्य कृषि उपकरणों से जुताई का कार्य होता रहा है, लेकिन इससे पहले कभी इस प्रकार की घटना सामने नहीं आई। बुधवार को भी सामान्य रूप से खेत की जुताई की जा रही थी। इसी दौरान बैलों के कदम पड़ते ही जमीन का एक हिस्सा अचानक धंस गया। बैलों को तत्काल बाहर निकाल लिया गया, जिससे हादसा टल गया। घटना के बाद बने गड्ढे का स्वरूप किसी सुरंग जैसा दिखाई देने लगा। इसे देखने के लिए आसपास के गांवों से भी लोग पहुंचने लगे। कुछ ग्रामीणों ने इसे दैवीय चमत्कार मानते हुए मौके पर पूजा-अर्चना भी शुरू कर दी, जबकि कई लोग इस घटना को प्राकृतिक कारणों से जमीन धंसने की घटना बता रहे हैं। क्षेत्र में दिनभर इस रहस्यमयी गड्ढे को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।

सूचना मिलने पर बाकानेर चौकी प्रभारी प्रशांत पाल राजस्व विभाग के पटवारी के साथ मौके पर पहुंचे और स्थल का निरीक्षण किया। चौकी प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला मिट्टी धंसने का प्रतीत होता है। सुरक्षा की दृष्टि से किसान एवं ग्रामीणों को गड्ढे के भीतर उतरने तथा किसी प्रकार की खुदाई नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई है। साथ ही आसपास की मिट्टी और धंसने की आशंका को देखते हुए उक्त गड्ढे का भराव कर सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

Tags:

Follow us

This question is not available..!