Monday, 28 Sep 2026

खेल क्षेत्र में रतलाम बना रहा है विशिष्ट पहचान: मुख्यमंत्री

रतलाम (21 दिसंबर 24)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि आजादी के बाद पहली बार हमने प्रदेश में खेलों के लिए 586 करोड़ रूपये के बड़े बजट का प्रावधान किया है। मध्यप्रदेश एकमात्र ऐसा राज्य है, जहाँ हॉकी के लिए सर्वाधिक एस्ट्रोटर्फ होंगे। खेलों को अब पाठ्यक्रम का भी हिस्सा बनाया गया है। खेल शिक्षक भी असिस्टेंट प्रोफेसर, प्रोफेसर और कुलगुरु बन सकते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को रतलाम में चैतन्य काश्यप फाउंडेशन द्वारा आयोजित किये जा रहे खेल चेतना मेले के रजत जयंती समारोह का शुभारंभ कर संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ध्वजारोहण कर खेल चेतना मेले के शुभारंभ की घोषणा की। कार्यक्रम में सूक्ष्म, लघु, मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य काश्यप, सांसद सुधीर गुप्ता, सांसद अनीता नागर सिंह चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष लालाबाई शंभूलाल चंद्रवंशी, विधायक आलोट चिंतामणि मालवीय, विधायक रतलाम ग्रामीण मथुरालाल डामोर, महापौर प्रहलाद पटेल, प्रदीप उपाध्याय, नगर निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रतलाम में हॉकी के लिए एस्ट्रो टर्फ निर्माण, व्यवसाय को गति देने के लिए साड़ी क्लस्टर निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि साड़ी क्लस्टर में महेश्वर, चंदेरी की तर्ज पर शहर में महिलाओं को साड़ी निर्माण से जोड़ा जाये। रतलाम के शासकीय लक्ष्मी नारायण पांडे मेडिकल कॉलेज में सभी प्रकार के हृदय संबंधी उपचार एवं ऑपरेशंस के लिए कार्डियक ब्रांच स्थापित करने की भी घोषणा की। रतलाम में खेलों के लिए अधोसंरचना विकास एवं बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि शासन द्वारा रतलाम में 15 करोड़ रुपए की लागत से एकीकृत स्पोर्ट्स कांपलेक्स का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें जूडो, कराटे, बैडमिंटन, कुश्ती, कबड्डी इत्यादि इनडोर खेल गतिविधियां आयोजित की जा सकेंगी। साथ 400 मीटर दौड़ के लिए सिंथेटिक ट्रैक भी बन रहा है। साथ ही 1200 लोगों की क्षमता के पवेलियन तथा जिम का निर्माण भी किया जा रहा है। जिले के आलोट में खेलों के लिए भूमि आवंटित कर दी गई है। पिपलोदा-रावटी में भी भूमि आवंटित की जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव का शनिवार को रतलाम के नागरिकों द्वारा भव्य स्वागत अभिनंदन किया गया। बंजली हेलीपैड से लेकर पोलो ग्राउंड नेहरू स्टेडियम तक रोड-शो में सड़क के दोनों और मंच से नागरिकों द्वारा मुख्यमंत्री पर पुष्प-वर्षा की गई। मुख्यमंत्री द्वारा नागरिकों का अभिवादन किया गया।

Tags:

Follow us

This question is not available..!