गढ़चिरौली (22 अक्टूबर 24)। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में सोमवार को पुलिस मुठभेड़ में कम से कम चार नक्सली मारे गए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ छत्तीसगढ़ के नारायणपुर की सीमा से लगे इलाके में हुई। अधिकारी ने बताया कि गढ़चिरौली पुलिस की सी-60 कमांडो टीम और सीआरपीएफ की टीम ने इस अभियान को अंजाम दिया। खुफिया एजेंसियों ने पुलिस को सूचना दी थी कि इस इलाके में कई नक्सली हैं। इसके बाद पुलिस ने इस इलाके में कार्रवाई की। कोपरी गढ़चिरौली के भामरागढ़ तालुक में अंतिम वन क्षेत्र है। पुलिस को इस कोने के जंगल में बड़ी संख्या में नक्सलियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद इस जंगल में ऑपरेशन चलाया गया है।
इससे पहले महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में शनिवार को 8 लाख रुपये के इनामी एक नक्सली दंपति ने आत्मसमर्पण किया। पुलिस अधिकारी ने उनकी पहचान असिन राजाराम कुमार (37) उर्फ अनिल और उसकी पत्नी अंजू सुल्या जाले (28) उर्फ सोनिया के रूप में की। अधिकारी ने बताया कि असिन राजाराम कुमार ओडिशा में माओवादियों की प्रेस टीम का 'एरिया कमेटी मेंबर' था। वह हरियाणा के नरवाना का निवासी है और हिमाचल प्रदेश में शिमला के पास एक इलाके में फर्जी पहचान के साथ रह रहा था। अधिकारी ने बताया, उन्होंने गढ़चिरौली पुलिस और सीआरपीएफ के अधिकारियों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।