इंदौर (26 अप्रैल 26)। मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का कहर जारी है। तापमान इतना कि मानों आसमान से आग बरस रही हो, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सुबह से ही लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो रहा है। इसी बीच स्कूल जाने वाले बच्चों के स्वास्थ्य को देखते हुए प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर और ग्वालियर में स्कूलों में 30 अप्रैल तक अवकाश घोषित किया गया है। मौसम विभाग के अलर्ट के बीच प्रशासन ने यह अहम निर्णय लिया है।
जानकारी के अनुसार, इससे पहले राज्य के चार जिलों में अवकाश घोषित किया जा चुका है। जिसके तहत जबलपुर, दमोह, रतलाम जिलों में कक्षा नर्सरी से पांचवीं तक 30 अप्रैल तक स्कूल बंद रहेंगे। वहीं, पन्ना जिले में भी स्कूलों में 6वीं से 8वीं कक्षा के बच्चों को 30 अप्रैल तक छुट्टी रहेगी। यहां नर्सरी से 5वीं तक छोटे बच्चों को पहले ही छुट्टी घोषित कर दी गई है। इसके अलावा जिन स्कूलों में छुट्टियां अभी होनी है, शिक्षा विभाग ने इन स्कूलों को निर्देश दिया है कि आउटडोर असेंबली को सीमित एवं छायादार स्थानों पर कराया जाए। राज्यभर में इन दिनों गर्मी के तल्ख़ तेवर तेवर देखने को मिल रहे है, प्रदेश की आर्थिक राजधानी कहे जाने वाला इंदौर शहर भी गर्मी से नहीं बचा है यहां भी अधिकतम तापमान 42 डिग्री सैल्सियस के करीब पहुंच चुका है। इसके अलावा रात का तापमान भी 30 डिग्री सैल्सियस चल रहा है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग के द्वारा अब लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। विभाग ने आम लोगों को सलाह दी है कि दोपहर में 12 बजे के बाद अगर जरुरी हो तभी घर के बाहर निकले। अगर घर के बाहर निकले तो डिहाइड्रेशन से बचने के लिए पानी अधिक पिए। इसके अलावा ठंडी चीजों का सेवन ज्यादा करें और सिर को ढक कर रखें। डाक्टरों ने साफ किया है कि लू की वजह से गंभीर समस्या का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि इस बार गर्मी अपने सभी रिकॉर्ड को तोड़ देगी, हालांकि इस बार बारिश भी औसत के करीब ही होने की संभावना जताई है।