कोलकाता (27 फरवरी 25)। भारतीय जनता पार्टी के नेता दिलीप घोष ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के द्वारा कुंभ मेला और अन्य मुद्दों पर की गई हालिया टिप्पणियों पर तीखा जवाब दिया है। घोष ने ममता बनर्जी के बयान को लेकर कई सवाल उठाए हैं और राज्य में हो रही कुछ घटनाओं पर चिंता जताई है। दिलीप घोष ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि गलत बोलने वालों को गंगा जल पीना चाहिए।
ममता बनर्जी ने महाकुंभ को लेकर विवादित बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि 144 साल बाद महाकुंभ का आयोजन होना सही नहीं है। उनके इस बयान पर दिलीप घोष ने सवाल उठाए और कहा कि अगर ममता बनर्जी गंगा स्नान के बारे में कुछ कहना चाहती हैं तो उन्हें यह ध्यान रखना चाहिए कि उनके पार्टी के सदस्य 'जय श्री राम' का नारा लगाते हुए गंगा स्नान और त्रिवेणी स्नान करते हैं। दिलीप घोष ने यह भी कहा कि अगर ममता बनर्जी चाहें तो वे अब भी गंगा स्नान कर सकती हैं या गंगाजल लेकर उसे छिड़क सकती हैं। अमदंगा में बम मिलने के मामले पर दिलीप घोष ने पश्चिम बंगाल की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है और असामाजिक तत्व खुलेआम काम कर रहे हैं। साथ ही, उन्होंने आरोप लगाया कि ये लोग वामपंथियों के साथ मिलकर अपराध कर रहे हैं और अन्य राज्यों में भी असमाजिक गतिविधियों में शामिल हैं।