यरूशलम (19 सितंबर 25)। इजराइल और गाजा के बीच युद्ध और भी भयावह मोड़ पर पहुंच गया है। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इज़राइली डिफेंस फोर्स को स्पष्ट आदेश दिया है कि वे गाजा में हमास के खिलाफ बिना किसी रोक-टोक के सैन्य कार्रवाई करें। नेतन्याहू ने कहा, 'हम इस युद्ध को हर हाल में जीतेंगे, चाहे कीमत कुछ भी चुकानी पड़े।' इज़राइल का दावा है कि उसके हमलों का निशाना केवल हमास के ठिकाने और हथियारों के भंडार हैं।
इज़राइली सेना (IDF) ने गाजा में हवाई हमलों और ज़मीनी कार्रवाई को तेज़ कर दिया है। अस्पतालों, राहत शिविरों और नागरिक क्षेत्रों पर लगातार बमबारी की खबरें हैं। गाजा स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार अब तक 64,000 से अधिक फिलिस्तीनी मारे जा चुके हैं जिनमें बड़ी संख्या में बच्चे और महिलाएं शामिल हैं। प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने कहा, 'हम किसी भी अंतर्राष्ट्रीय दबाव में नहीं झुकेंगे। IDF को खुली छूट है कि वे आतंकवाद के हर ठिकाने को ध्वस्त करें। गाजा को हमास-मुक्त करना हमारा मिशन है।' संयुक्त राष्ट्र ने लगातार युद्धविराम की अपील की है और नागरिकों पर हमलों को लेकर चिंता जताई है। अमेरिका ने इज़राइल को सैन्य समर्थन जारी रखने की बात कही, लेकिन मानवीय सहायता के लिए अस्थायी युद्धविराम की मांग की है। तुर्की, ईरान और कई अरब देशों ने इज़राइल की कार्रवाई को 'नरसंहार' बताया और वैश्विक हस्तक्षेप की मांग की है। गाजा में खाद्य, पानी और दवाइयों की भारी कमी है। हजारों परिवार विस्थापित हो चुके हैं और संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट के अनुसार 10 लाख से अधिक लोग शरणार्थी शिविरों में ठिकाने ढूंढ रहे हैं।