Sunday, 04 Oct 2026

गाजा में इजराइली हमले में 43 फलस्तीनियों की मौत

गाजा (03 अप्रैल 25)। गाजा पट्टी में ‘बड़े क्षेत्रों' पर कब्जा करने के लिए इजराइल वहां अपने सैन्य अभियान का विस्तार कर रहा है। रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने बुधवार को यह जानकारी दी। इस बीच, गाजा पट्टी में अधिकारियों ने बताया कि इजराइल की ओर से मंगलवार को पूरी रात और बुधवार तड़के किए गए हवाई हमलों में कम से कम 43 फलस्तीनी मारे गए, जिनमें लगभग एक दर्जन बच्चे शामिल हैं। 

काट्ज ने बुधवार को एक लिखित बयान में कहा कि इजराइल 'उग्रवादियों और उग्रवाद के बुनियादी ढांचे को कुचलने' तथा ‘फलस्तीनी क्षेत्र के बड़े हिस्से पर कब्जा करके उन्हें इजराइल के सुरक्षा क्षेत्रों से जोड़ने' के लिए गाजा पट्टी में अपने सैन्य अभियान का विस्तार कर रहा है। इजराइल सरकार ने फलस्तीनी क्षेत्र से लगी सीमा पर अपनी सुरक्षा बाड़ के उस पार गाजा में लंबे समय से एक ‘बफर जोन' बनाए रखा है और 2023 में हमास के साथ युद्ध शुरू होने के बाद से उसने इसका बड़े पैमाने पर विस्तार किया है। इजराइल का कहना है कि ‘बफर जोन' उसकी सुरक्षा के लिए जरूरी है, जबकि फलस्तीनी इसे भूमि हड़पने की कवायद मानते हैं, जिससे पहले ही छोटे तटीय क्षेत्र (गाजा पट्टी) का दायरा और सिकुड़ जाता है। गाजा पट्टी की आबादी लगभग 20 लाख है। काट्ज ने बयान में यह स्पष्ट नहीं किया कि सैन्य अभियान के विस्तार के दौरान गाजा के किन क्षेत्रों पर कब्जा किया जाएगा। उनका यह बयान तब आया, जब इजराइल ने दक्षिणी शहर राफा और आस-पास के इलाकों को पूरी तरह से खाली करने का आदेश दिया।

Tags:

Follow us

This question is not available..!