Wednesday, 07 Oct 2026

गाजा में भीड़ पर अटैक, 110 फिलिस्तीनियों की मौत

गाजा (13 जुलाई 25)। गाजा पट्टी में संघर्ष विराम की शर्तें न मानने से इजरायल ने हमास के खिलाफ अपना सबसे बड़ा हमला फिर शुरू कर दिया है।  शनिवार रातभर चले हमलों में कम से कम 110 फिलिस्तीनियों की मौत हो गई। अलजजीरा टीवी के मुताबिक, इजरायली सेना ने दक्षिणी गाजा के राफा शहर में गाजा ह्यूमैनिटेरियन फाउंडेशन के सहायता केंद्र के बाहर जमा भीड़ पर अचानक हमला कर दिया। इसमें 34 लोग वहीं मारे गए, जो खाना लेने के लिए घंटों से लाइन में थे।

राफा के अल-शाकूश इलाके के लोगों ने बताया कि इजरायली स्नाइपर्स ने सीधे भीड़ पर निशाना साधकर गोलियां चलाईं। अमेरिका, कतर और मिस्र की मध्यस्थता में इजरायल और हमास के बीच पिछले कई दिनों से युद्धविराम पर बातचीत चल रही थी, लेकिन शर्तों पर सहमति नहीं बन पाई। इजरायल अब गाजा की आबादी को विस्थापित करने की योजना बना रहा है। फिलिस्तीनी समूह इसे 'जबरन पलायन' की साजिश मानकर कड़ी निंदा कर रहे हैं।

यूएन और कई मानवाधिकार संगठनों ने  इन सहायता केंद्रों को ‘नरसंहार स्थल’ और ‘मौत का जाल’ बताया है। उनका आरोप है कि इजरायल सहायता के नाम पर भीड़ इकट्ठा करता है और फिर हमला करता है, ताकि हमास के ठिकानों के नाम पर आम नागरिकों को मारा जा सके। गाजा में करीब 23 लाख की आबादी में से 70% से अधिक लोग विस्थापित हैं। खाने-पीने और दवाओं का भयानक संकट है। मदद पहुंचाने वाले ट्रक लगातार हमलों के निशाने पर हैं। ऐसे में हालात और भयावह हो सकते हैं।

Tags:

Follow us

This question is not available..!