Wednesday, 07 Oct 2026

गाजा युद्ध पर फूटा हमास का गुस्सा !

गाजा (20 जुलाई 25)। फिलिस्तीनी संगठन हमास ने गाजा पट्टी में जारी युद्ध को लेकर एक बार फिर इजरायल और अरब देशों दोनों पर तीखा हमला बोला है। हमास की सशस्त्र शाखा अल कसम ब्रिगेड के प्रवक्ता अबू ओबैदा ने शुक्रवार को एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि हमास युद्धविराम के लिए तैयार था, लेकिन इजरायल ने सभी समझौतों को ठुकरा दिया। अबू ओबैदा ने यह भी आरोप लगाया कि अरब और इस्लामी देशों की चुप्पी ने गाजा के निर्दोष लोगों का नरसंहार आसान बना दिया है।

अबू ओबैदा ने दावा किया कि हमास ने इजरायल को व्यापक युद्धविराम समझौते के तहत गाजा से सभी बंदियों को एक साथ छोड़ने का प्रस्ताव कई बार दिया था, लेकिन इजरायल के प्रधानमंत्री  बेंजामिन नेतन्याहू और उनके मंत्रिमंडल ने हर बार इसे खारिज कर दिया। ओबैदा ने आरोप लगाया कि इजरायली नेतृत्व अपने नागरिकों को पहले ही इस बात के लिए तैयार कर रहा है कि उनके बंदी जिंदा वापस नहीं लौटेंगे। कतर में जारी युद्धविराम वार्ता पर हमास ने कहा कि अगर इजरायल मौजूदा बातचीत से पीछे हटता है, तो बंदियों को लेकर पहले दिया गया 10 कैदियों का प्रस्ताव भी रद्द माना जाएगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमास ने इजरायली बंधकों के परिवारों से अपील की है कि वे इजरायल सरकार पर दबाव डालें ताकि युद्ध खत्म हो सके। हमास के अनुसार, इजरायल गाजा को तबाह करने और वहां की आबादी को बेघर करने पर अड़ा हुआ है।गौरतलब है कि इस साल जनवरी में इजरायल और हमास के बीच अस्थायी युद्धविराम हुआ था, लेकिन मार्च में हालात फिर बिगड़ गए। इसके बाद से गाजा पर इजरायली हमले लगातार जारी हैं और कई अंतरराष्ट्रीय प्रयासों के बावजूद कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!