Wednesday, 30 Sep 2026

गुजरात को बड़ी विकास परियोजनाओं का तोहफा

अहमदाबाद (31 मार्च 26)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 31 मार्च 2026 को गुजरात दौरे के दौरान राज्य को बड़ी विकास परियोजनाओं का तोहफा दिया। वाव-थराद क्षेत्र में आयोजित जनसभा में उन्होंने 20,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन योजनाओं में ग्रीन एनर्जी, सड़क और रेलवे नेटवर्क, शहरी विकास और आवास से जुड़े कई बड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं, जिनसे पूरे क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।

जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि इन प्रोजेक्ट्स का सीधा फायदा आम लोगों को मिलेगा और यह क्षेत्र आर्थिक रूप से और मजबूत होगा। उन्होंने उत्तर गुजरात और बनासकांठा से अपने पुराने जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने मिशन मोड में काम कर इस इलाके को आगे बढ़ाने की नींव रखी थी। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में Deesa Airbase का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इस बार उनका विमान सीधे यहीं उतरा, जो अंतरराष्ट्रीय सीमा के करीब स्थित होने के कारण रणनीतिक रूप से बेहद अहम है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना पहले लंबित थी, लेकिन अब यह भारतीय वायुसेना के लिए एक मजबूत आधार बन चुकी है और देश की सुरक्षा क्षमता को बढ़ा रही है।

प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में कांग्रेस पर भी जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष विकास के बजाय राजनीति में उलझा हुआ है, जबकि सरकार देश को आगे बढ़ाने में जुटी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले की सरकारों ने गुजरात के विकास में बाधाएं डालीं, लेकिन अब हालात पूरी तरह बदल चुके हैं और राज्य तेजी से प्रगति कर रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि एक समय था जब उत्तर गुजरात सूखा और पानी की कमी के लिए जाना जाता था, लेकिन अब यहां बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। गांव-गांव तक सड़कें पहुंची हैं और हाईवे नेटवर्क ने कनेक्टिविटी को बेहतर बनाया है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!