जालंधर (18 जुलाई 26)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को एक दिवसीय दौरे पर जालंधर पहुंचे। उन्होंने 125 करोड़ रुपए की लागत से पुनर्विकसित जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का उद्घाटन कर इसे देश को समर्पित किया। आदमपुर एयरपोर्ट पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जालंधर में जनसभा को संबोधित करते हुए सबसे पहले 'भारत माता की जय' का उद्घोष किया। इसके बाद उन्होंने पंजाबी में लोगों का संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि 'आज पंजाब, पीरां-गुरुआं दी धरती ते तुहाडे सारेआं दे विच आ के मान महसूस हो रिहा है, पंजाबियों, किवें हो... चढ़दी कला च हो?' प्रधानमंत्री ने कहा कि कुछ समय पहले उन्हें गुरु रविदास जी के जन्मोत्सव में शामिल होने का सौभाग्य मिला था और आज एक बार फिर पंजाब की पवित्र धरती पर आकर उन्हें गर्व का अनुभव हो रहा है। उन्होंने कहा कि आज जालंधर विकास का साक्षी बन रहा है। इसी दिन उन्हें देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाने का भी अवसर मिला है, जो भारत के आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री, भाजपा नेता, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।