इंदौर (19 मार्च 25)। इंदौर में रंगपंचमी पर निकलने वाली विश्व प्रसिद्ध गेर के दौरान बुधवार को जब उमंग और उत्साह चरम पर था तभी एक हादसा हो गया, जिसमें संदीप मोरे नामक एक व्यक्ति ट्रैक्टर की टक्कर से घायल हो गया। उसे तत्काल एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल ले जाय गया लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गेर में शामिल होने के लिए इंदौर एयरपोर्ट पहुंच गए थे, लेकिन जब उन्हें इस दुखद हादसे की सूचना मिली तो उन्होंने हादसे पर गहन शोक व्यक्त कर इंदौर दौरे के सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मृतक के परिजन को 4 लाख रुपये आर्थिक सहायता के रूप में प्रदान करने की घोषणा भी की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घटना पर संवेदनाएं व्यक्त करते हुए बाबा महाकाल से प्रार्थना की है कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करें।