नईदिल्ली (17 दिसंबर 25)। गोवा के चर्चित अग्निकांड मामले के मुख्य आरोपी और नाइटक्लब के सह-मालिक लूथरा ब्रदर्स को मंगलवार को थाईलैंड से भारत लाया गया। गौरव लूथरा और सौरभ लूथरा पर आरोप है कि जिस नाइटक्लब में 6 दिसंबर को आग लगी थी, वे उसके को-ओनर थे। इस दर्दनाक हादसे में 25 लोगों की मौत हो गई थी। थाईलैंड से भारत पहुंचते ही गोवा पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दिल्ली एयरपोर्ट पर गोवा पुलिस और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम पहले से मौजूद थी।
एयरपोर्ट पर सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों भाइयों को गोवा पुलिस की कस्टडी में ले लिया गया। सूत्रों के मुताबिक, लूथरा ब्रदर्स के IGI एयरपोर्ट पहुंचने की सूचना पहले ही संबंधित एजेंसियों को दे दी गई थी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि गोवा पुलिस थाईलैंड नहीं गई थी और आरोपियों की कस्टडी केवल दिल्ली में ही ली गई है। सके बाद दोनों को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया। ड्यूटी मजिस्ट्रेट ट्विंकल चावला ने गोवा पुलिस की दो दिन की ट्रांजिट रिमांड अर्जी को मंजूर कर लिया है। कोर्ट ने गोवा पुलिस को 48 घंटे का समय दिया, जिस दौरान पुलिस लूथरा ब्रदर्स को गोवा ले जाकर संबंधित कोर्ट में पेश करेगी। यह मामला लापरवाही से मौत का है। जांच में पता चला कि क्लब बिना जरूरी परमिशन और फायर सेफ्टी उपायों के चल रहा था। कोई इमरजेंसी एग्जिट तक नहीं था और फायर ब्रिगेड की पहुंच मुश्किल थी।