नईदिल्ली (22 जुलाई 25)। सोमवार से संसद का मॉनसून सत्र शुरू हो गया। यह सत्र 21 जुलाई से 21 अगस्त तक चलेगा। इस सत्र की शुरुआत पर पीएम नरेंद्र मोदी ने एक महत्वपूर्ण संबोधन दिया। इस संबोधन के दौरान पीएम ने देश के लिए कई सकारात्मक बातों का जिक्र किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बारिश हर परिवार की अर्थव्यवस्था के लिए बहुत महत्वपूर्ण है और आने वाले दिनों में देश को इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने इस मॉनसून सत्र को राष्ट्र के लिए 'गौरवपूर्ण' सत्र बताया।
पीएम ने जोर दिया कि मॉनसून नवीनता और नवसृजन का प्रतीक है। उन्होंने यह भी बताया कि देश में मौसम बहुत अच्छे ढंग से आगे बढ़ रहा है और कृषि के लिए लाभदायक मौसम की खबरें हैं। पीएम ने एक और महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए बताया कि पिछले 10 सालों में इस बार 3 गुना पानी का भंडार हुआ है, जिसका आने वाले दिनों में देश के अर्थतंत्र को बहुत लाभ होगा। प्रधानमंत्री ने 'ऑपरेशन सिंदूर' का भी जिक्र किया, जिसके तहत 22 मिनट के अंदर आतंकवादियों के आकाओं के घरों को जमींदोज कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि दुनिया ने इस ऑपरेशन के दौरान भारतीय सेना का सामर्थ्य देखा। सुरक्षा बलों के बारे में बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज हमारे सुरक्षा बल एक नए आत्मविश्वास और नक्सलवाद को खत्म करने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की अर्थव्यवस्था का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि पहले हम दुनिया में 10वें नंबर की अर्थव्यवस्था थे, लेकिन अब हम दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहे हैं। पीएम ने कहा कि भारत दुनिया के मंच पर अपनी ताकत से दस्तक दे रहा है।