श्रीनगर (06 फरवरी 25)। जम्मू-कश्मीर की राज्य जांच एजेंसी (एसआई़ए) ने आतंकी फंडिंग मामले में बुधवार को बडगाम जिले में दो जगहों पर छापेमारी की। छापेमारी की गई जगहों में से एक कार डीलर की है जबकि दूसरी जगह एक व्यवसायी की है। सूत्रों ने बताया कि एसआईए द्वारा की गई छापेमारी आतंकी फंडिंग मामले की चल रही जांच का हिस्सा है। एसआई़ए स्थानीय सीआईडी की एक शाखा है और यह आतंकवाद से संबंधित अपराधों की जांच करती है। हवाला सौदे, आतंकी फंडिंग और आतंकवादियों और आतंकी नेटवर्क को वत्तिीय सहायता की जांच एसआईए कर रही है।
एसआईए ने जांच की है और बाद में आतंकवादियों के लिए संचार चलाने और स्थापित करने में शामिल लोगों के खिलाफ नामित अदालत में आरोप पत्र पेश किए हैं। इसने 2 सितंबर, 2020 को श्रीनगर शहर के हवाल इलाके में अपने आवास में आतंकवादियों द्वारा मारे गए वकील बाबर कादरी की हत्या की जांच की थी। कादरी के हत्यारों के बारे में जानकारी जुटाने के लिए एसआईए द्वारा 2023 में 10 लाख रुपए का इनाम घोषित किया गया था। 2021 में, जम्मू-कश्मीर पुलिस ने दावा किया कि कादरी की हत्या में लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर साकिब मंजूर शामिल था। मंजूर को एक अन्य आतंकवादी कमांडर के साथ श्रीनगर में मुठभेड़ के दौरान मार गिराया गया था। हालांकि, 2022 में पुलिस ने मामले में श्रीनगर के बरजुल्ला इलाके में मियां कयूम के आवास सहित तीन वकीलों के घरों पर छापेमारी की।