मेदिनीपुर (22 मई 24)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर वोट बैंक की राजनीति के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता करने और घुसपैठियों को राज्य की जनसांख्यिकी बदलने की अनुमति देकर ‘पाप करने का' आरोप लगाया। पूर्वी मेदिनीपुर जिले के कांथि में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए शाह ने यह भी कहा कि राज्य में भाजपा के 30 लोकसभा सीट पर जीत हासिल करने के बाद तृणमूल कांग्रेस बिखर जाएगी और ममता बनर्जी सरकार की विदाई हो जाएगी। उन्होंने कहा, 'बंगाल घुसपैठियों के लिए सुरक्षित पनाहगाह बन गया है। घुसपैठ के कारण राज्य की जनसांख्यिकी बदल रही है, जिसका असर न केवल बंगाल बल्कि पूरे देश पर पड़ रहा है।'
गृह मंत्री अमित शाह ने आरोप लगाया, 'ममता बनर्जी घुसपैठियों को बंगाल की जनसांख्यिकी बदलने की अनुमति देकर पाप कर रही हैं और वह वोट बैंक की राजनीति के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता कर रही हैं।' शाह ने आरोप लगाया कि घुसपैठिए तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) का वोट बैंक हैं और ममता बनर्जी अपने वोट बैंक को खुश करने के लिए नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के क्रियान्वयन का विरोध कर रही हैं। उन्होंने कहा, 'टीएमसी को घुसपैठियों से प्यार है इसलिए वह सीएए का विरोध करती है। घुसपैठिए टीएमसी का 'वोट बैंक' हैं।' शाह ने बनर्जी की हाल में की गई उस टिप्पणी की भी आलोचना की जिसमें उन्होंने कहा था कि रामकृष्ण मिशन और भारत सेवाश्रम संघ के कुछ संत भाजपा के निर्देशानुसार काम कर रहे हैं।