Monday, 28 Sep 2026

चिकित्सक, पीड़ित मानवता के सच्चे सेवक: राज्यपाल

भोपाल (18 दिसंबर 25)। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा है कि दीन-दुखियों की सेवा ईश्वर की सेवा है। पीड़ित मानवता की सेवा का अवसर बिरले और सौभाग्यशाली लोगों को प्राप्त होता है। चिकित्सक, पीड़ित मानवता के सच्चे सेवक हैं। रोगियों के लिए चिकित्सक भगवान का अवतार होते हैं। उन्होंने कहा कि उपचार के दौरान चिकित्सक का मरीजों के साथ व्यवहार बहुत मायने रखता है। चिकित्सक की आत्मीयता, सरलता और सहजता मरीज के मनोविज्ञान और उपचार के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए चिकित्सक हमेशा मरीजों से आत्मीय व्यवहार करें। उनकी पीड़ा को धैर्य के साथ सुनकर उनका इलाज करें।

राज्यपाल पटेल गुरूवार को भोपाल स्मारक अस्पताल एवं अनुसंधान केन्द्र में आयोजित चौथे इंटरनेशनल स्कूल ऑन रेडिएशन रिसर्च के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि यह आयोजन केवल वैज्ञानिक विमर्श का मंच नहीं है, बल्कि मानवता के भविष्य को अधिक सुरक्षित, स्वस्थ और आशावान बनाने की दिशा में सराहनीय पहल है। उन्होंने मानवता की सेवा के लिए ज्ञान विज्ञान के प्रसार के लिये किये जा रहे इस आयोजन की समस्त सहयोगी संस्थाओं को बधाई दी। उन्होंने बी.एम.एच.आर.सी. की साइटोजेनेटिक प्रयोगशाला को ‘इंडियन बायोडोसिमीट्री नेटवर्क’ की छह प्रयोगशालाओं में चयनित होने की उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दी। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि विज्ञान जब करुणा, उत्तरदायित्व और मानव कल्याण के उद्देश्य से जुड़ता है, तब केवल उपचार नहीं देता, बल्कि जीवन की गुणवत्ता और मानवता के विकास को नई ऊँचाइयों तक ले जाता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सम्मेलन के दौरान होने वाले विचार-विमर्श, वैज्ञानिक चर्चाएँ, शोध पत्र, पोस्टर तथा तकनीकी, अनुसंधानात्मक प्रस्तुतियाँ चिकित्सा क्षेत्र में सहयोग की नई संभावनाओं के द्वार खोलेगी। राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मानवता की सेवा के लिए वैज्ञानिक सहयोग, ज्ञान-साझेदारी तथा दीर्घकालिक अनुसंधान भागीदारी को प्रोत्साहन मिलेगा। राज्यपाल पटेल ने युवा वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं से अपील की है कि नवीनतम वैज्ञानिक उपलब्धियों से जुड़ें। अंतर्राष्ट्रीय विशेषज्ञों के साथ खुलकर ज्ञान का आदान-प्रदान करें। अनुसंधान को सीमाओं से परे ले जाकर मानवता की सेवा करें।

Tags:

Follow us

This question is not available..!