नईदिल्ली (12 मई 26)। भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान को कथित तकनीकी समर्थन देने को लेकर चीन पर तीखा हमला बोला है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार को कहा कि जो देश आतंकवादी ढांचे को बचाने की कोशिशों का समर्थन करते हैं, उन्हें अपनी अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा और छवि पर पड़ने वाले प्रभाव पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग में उन्होंने कहा, 'हमने ऐसी रिपोर्टें देखी हैं जो पहले से मौजूद जानकारी की पुष्टि करती हैं। जो देश खुद को जिम्मेदार मानते हैं, उन्हें सोचना चाहिए कि आतंकवादी ढांचे की रक्षा करने के प्रयासों का समर्थन उनकी साख को कैसे प्रभावित करता है।'
विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि ऑपरेशन सिंदूर भारत की ओर से किया गया एक सटीक और संतुलित सैन्य अभियान था। जायसवाल ने कहा कि यह कार्रवाई पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में की गई थी। इस हमले में 26 नागरिकों की हत्या हुई थी। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन का उद्देश्य पाकिस्तान की सरजमीं से संचालित और राज्य समर्थित आतंकी ढांचे को नष्ट करना था। भारत ने 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ मनाई। सरकारी सूत्रों के अनुसार यह अभियान 88 घंटे तक चला और इसे आधुनिक युद्ध रणनीति का उदाहरण बताया गया। भारतीय अधिकारियों का कहना है कि इस ऑपरेशन ने दक्षिण एशिया में सैन्य जवाबी कार्रवाई के नियम बदल दिए। इसी बीच भारत सरकार की Press Information Bureau (PIB) की फैक्ट चेक यूनिट ने पाकिस्तान समर्थित सोशल मीडिया हैंडल्स पर डीपफेक वीडियो फैलाने का आरोप लगाया है। यह वीडियो कथित तौर पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल की छवि का इस्तेमाल कर बनाया गया था।