नईदिल्ली (24 मार्च 26)। चुनावी प्रक्रिया को और पारदर्शी व आसान बनाने की दिशा में चुनाव आयोग ने बड़ा कदम उठाया है। असम, केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों के लिए मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को अब दूरदर्शन और आकाशवाणी पर मुफ्त प्रसारण समय के लिए डिजिटल टाइम वाउचर जारी किए जा रहे हैं।
पहले राजनीतिक दलों को टाइम वाउचर लेने के लिए आयोग के दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब यह पूरी प्रक्रिया डिजिटल कर दी गई है। पार्टियां अब आईटी प्लेटफॉर्म के जरिए आसानी से वाउचर हासिल कर सकेंगी, जिससे समय की बचत होगी और प्रक्रिया ज्यादा पारदर्शी बनेगी। यह व्यवस्था जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 39A के तहत लागू की गई है, जिसका उद्देश्य सभी योग्य दलों को अपने विचार जनता तक पहुंचाने के लिए बराबर मंच देना है।
हर मान्यता प्राप्त पार्टी को Doordarshan और All India Radio पर 45 मिनट का बेस टाइम मिलेगा। पिछले चुनावी प्रदर्शन के आधार पर कुछ दलों को अतिरिक्त समय भी दिया जाएगा। यह प्रसारण राज्य के क्षेत्रीय चैनलों/नेटवर्क पर होगा। उम्मीदवारों की सूची जारी होने के बाद से मतदान से दो दिन पहले तक। यानी पार्टियों को प्रचार के लिए तय समय-सीमा के भीतर ही इस सुविधा का उपयोग करना होगा।