नईदिल्ली (07 अगस्त 25)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने Election Commission पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि वह 'वोट चोरी' में शामिल है। उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कर्नाटक की महादेवपुरा विधानसभा सीट के आंकड़ों का हवाला देते हुए दावा किया कि वोटों की धांधली हो रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रणाली की निष्पक्षता खत्म हो चुकी है और इसमें न्यायपालिका को हस्तक्षेप करना चाहिए।
राहुल गांधी ने अपनी बात को साबित करने के लिए महादेवपुरा विधानसभा क्षेत्र के आंकड़े पेश किए। उन्होंने बताया कि कांग्रेस को अपने आंतरिक सर्वे में कर्नाटक में 16 सीटें जीतने की उम्मीद थी, लेकिन उन्हें सिर्फ 9 सीटें मिलीं। इसके बाद उन्होंने उन 7 सीटों का विश्लेषण किया, जहाँ कांग्रेस की अप्रत्याशित हार हुई थी। राहुल गांधी ने एक सवाल का जवाब देते हुए कहा कि विपक्ष चुनाव जीतता है तो धांधली का आरोप नहीं लगाता, लेकिन हारने पर सवाल उठाता है। इस पर राहुल गांधी ने कहा कि जब तक वोटर लिस्ट से छेड़छाड़ होती रहेगी, तब तक यह समस्या बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि पूरी चुनाव प्रणाली की शुचिता ही खत्म हो चुकी है। राहुल गांधी ने इस समस्या का समाधान सिर्फ बैलेट पेपर से वोटिंग को नहीं माना, बल्कि वोटर लिस्ट की विश्वसनीयता को सबसे बड़ी चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ वोटिंग मशीन का मुद्दा नहीं है, बल्कि पूरे सिस्टम की ईमानदारी का सवाल है।