दुबई (05 मार्च 25)। चैंपियंस ट्रॉफी के महत्वपूर्ण मुकाबले में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 4 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली। दुबई के स्टेडियम में खेले गए मैच में ऑस्ट्रेलिया ने पहले खेलते हुए 264 रन बनाए, जिसके जवाब में भारत ने इस मैच को 11 गेंद शेष रहते 4 विकेट से जीत लिया। भारत की इस जीत में विराट कोहली का योगदान महत्वपूर्ण रहा, जिन्होंने 84 रन की बेहतरीन पारी खेली।
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया इस स्पर्धा में दुबई के मैदान पर 250 रनों का आंकड़ा छूने वाली पहली टीम बनी थी। बावजूद इसके वह 265 रनों के लक्ष्य को डिफेंड करने में विफल रही। इस तरह भारत अब दुबई के इस मैदान में 250 रनों से ज्यादा लक्ष्य को चेज करने वाला दुनिया का चौथा देश बन गया। इसी के साथ भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में जाने की हैट्रिक लगा दी है। इससे पहले टीम इंडिया ने 2013 चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता था। भारतीय टीम 2017 में भी फाइनल में पहुंची थी, लेकिन उस वक्त पाकिस्तान के हाथों उसे 180 रनों की बड़ी हार झेलनी पड़ी थी। अब यह लगातार तीसरा मौका है, जब भारतीय टीम चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल खेलेगी। गौरतलब है कि भारत चैंपियंस ट्रॉफी-2025 में अब तक बांग्लादेश, पाकिस्तान, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया को पराजित कर चुका है।
इस ऐतिहासिक जीत के बाद सोशल मीडिया पर जश्न का माहौल है और देशभर से प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। विभिन्न राजनेताओं ने भारतीय क्रिकेट टीम की इस शानदार जीत पर बधाई दी और टीम इंडिया के फाइनल में प्रवेश पर शुभकामनाएं दीं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भारतीय क्रिकेट टीम की शानदार जीत पर बधाई दी। उन्होंने टीम इंडिया के कौशल और दृढ़ संकल्प की सराहना करते हुए लिखा, 'कौशल और दृढ़ संकल्प का क्या अविश्वसनीय प्रदर्शन!! टीम इंडिया दहाड़ती हुई फाइनल में पहुंची।' केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह ने भी टीम इंडिया की जीत पर खुशी जाहिर की और लिखा, 'एक और 'विराट' विजय... ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध भारत की शानदार विजय की सभी देशवासियों को बहुत-बहुत बधाई!' केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारतीय क्रिकेट टीम को बधाई देते हुए कहा, 'ChampionsTrophy2025 सेमीफाइनल मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार जीत पर भारतीय क्रिकेट टीम को बधाई! यह असाधारण टीम वर्क, दृढ़ता और साहस का अद्भुत प्रदर्शन था।' कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने टीम इंडिया की जीत पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए लिखा, 'TeamIndia की एक और शानदार जीत! कौशल, दृढ़ संकल्प और टीम वर्क का एक सच्चा नजारा - रोहित ने शानदार ढंग से नेतृत्व किया, जिसमें विराट ने अपना विशिष्ट स्वभाव जोड़ा। इस अविश्वसनीय उपलब्धि पर पूरे देश को गर्व है।'
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने टीम इंडिया की जीत पर ट्वीट किया, 'चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को पराजित कर 140 करोड़ भारतवासियों को हर्षित और गर्वित करने वाली भारतीय क्रिकेट टीम को हार्दिक बधाई! फाइनल मैच हेतु आप सभी को अग्रिम शुभकामनाएं! जय हिंद।' केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने लिखा, 'भारत चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में पहुंचा! ऑस्ट्रेलिया पर एक सनसनीखेज जीत, जोश, दृढ़ता और विशुद्ध प्रभुत्व से प्रेरित। सपना अब बस एक कदम दूर है - इतिहास में अपना नाम दर्ज कराने की एक आखिरी लड़ाई। राष्ट्र एकजुट होकर गौरव की जय-जयकार कर रहा है।' भा.ज.पा. अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी भारतीय क्रिकेट टीम को बधाई देते हुए कहा, 'सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार जीत के लिए भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम को हार्दिक बधाई। ब्लू में पुरुषों ने एक बार फिर असाधारण टीमवर्क, दृढ़ संकल्प और क्लास का प्रदर्शन किया है। उन्हें इस जीत की लय को जारी रखने और ट्रॉफी घर लाने के लिए शुभकामनाएं।' केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने लिखा, "अजेय भारत, विजयी भारत, गर्वित भारत! चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को पराजित कर फाइनल में प्रवेश करने पर भारतीय क्रिकेट टीम के सभी खिलाड़ियों और समस्त देशवासियों को हार्दिक बधाई! उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी टीम इंडिया को बधाई दी और लिखा, 'ऐतिहासिक विजय..!' हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी टीम इंडिया को बधाई दी और कहा, 'शाबाश टीम इंडिया! ऑस्ट्रेलिया को परास्त करके आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में प्रवेश करने पर टीम इंडिया को हार्दिक बधाई।'