इंदौर (22 अप्रैल 25)। नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे को हत्या के प्रयास के आरोप में जेल भेजे जाने के बाद अब राजनीतिक हलचल बढ़ती जा रही है। कांग्रेस ने इस कार्रवाई को राजनीतिक बदले की भावना बताया है। सोमवार को कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और शहर अध्यक्ष सुरजीत सिंह चड्ढा, चिंटू चौकसे से मिलने सेंट्रल जेल पहुंचे ।
चौकसे के जेल जाने पर आक्रोशित कांग्रेस अब खुलकर मैदान में उतर आई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता इंदौर सेंट्रल जेल पहुंचे, जहां उन्होंने चौकसे से मुलाकात की और पूरे मामले को लेकर बीजेपी पर बड़ा हमला बोला। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी ने कहा कि 'चिंटू चौकसे और उनके परिवार के साथ जो हुआ, वो बिल्कुल गलत है। उनके भतीजे को गंभीर चोट आई है, फिर भी उल्टा चिंटू पर 307 का केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया। ये साफ तौर पर राजनीतिक बदले की कार्रवाई है।'
प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 'नेता प्रतिपक्ष ने नगर निगम में भ्रष्टाचार के मुद्दे उठाए थे, इसलिए उन्हें टारगेट किया गया। लोकतंत्र की हत्या हो रही है। जो भी सरकार के खिलाफ बोलता है, उसे फर्जी केस में फंसाया जा रहा है। चिंटू चौकसे ने फर्जी बिल, मेट्रो प्रोजेक्ट और सरकारी जमीन की बिक्री पर सवाल उठाए थे, इसलिए उन्हें सजा दी जा रही है।' साथ ही इंदौर की जनता से अपील की कि वे सच्चाई को पहचानें और लोकतंत्र की रक्षा करें।