रायपुर (18 जुलाई 25)। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में सुरक्षा बलों ने माओवादियों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए कम से कम छह नक्सलियों को मार गिराया। पुलिस के अनुसार, यह मुठभेड़ शुक्रवार दोपहर अबूझमाड़ क्षेत्र के जंगलों में हुई। पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने बताया कि सुरक्षाबलों को क्षेत्र में नक्सलियों की मौजूदगी की जानकारी मिली थी, जिसके बाद एक संयुक्त अभियान शुरू किया गया था। इस अभियान के दौरान सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच लगातार मुठभेड़ होती रही।
अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ स्थल से छह नक्सलियों के शव, एके-47 राइफल, एसएलआर राइफल, कई अन्य हथियार, विस्फोटक सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुएं बरामद की गई हैं। सुरक्षा बलों का अभियान अभी जारी है, और इस दौरान उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है। अभियान खत्म होने के बाद इस संबंध में अधिक जानकारी दी जाएगी। गौरतलब है कि इससे पहले पिछले सप्ताह नारायणपुर जिले में 22 नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के समक्ष आत्मसमर्पण किया था। आत्मसमर्पण करने वालों में से कुछ पर 37.50 लाख रुपये का इनाम था। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में आठ महिला नक्सलियों भी शामिल थीं।