इंदौर (21 जुलाई 26)। सोनम वांगचुक की मांगों के समर्थन में भंवरकुआं चौराहे स्थित टंट्या भील प्रतिमा के पास छात्रों का अनिश्चितकालीन धरना जारी है। आंदोलन को समर्थन देने के लिए 101 वर्षीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं पूर्व सांसद पं. रामकृष्ण शर्मा और वरिष्ठ समाजवादी नेता रामबाबू अग्रवाल धरना स्थल पहुंचे।
पं. रामकृष्ण शर्मा ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि सत्याग्रह को गांधीवादी तरीके से पूरी तरह अहिंसक और शांतिपूर्ण बनाए रखना होगा। उन्होंने कहा, 'हम पर हमला चाहे जैसा भी हो, हमें हाथ नहीं उठाना है। सत्याग्रह अहिंसा के मार्ग पर ही जारी रहना चाहिए'। 101 वर्षीय पं. शर्मा के उत्साह और आंदोलन के समर्थन से छात्रों में जोश भर गया। छात्रों ने नारे लगाते हुए कहा कि पं. शर्मा ने पहले अंग्रेजों से संघर्ष किया और अब हमारे अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। इस दौरान छात्रों ने सरकार की नीतियों के विरोध में नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।