भोपाल (15 जुलाई 26)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मंत्रि-परिषद की आगामी बैठक 18 जुलाई, शनिवार को भोपाल जिले के जगदीशपुर (पूर्व के इस्लाम नगर) में होगी। इसमें मुख्य रूप से समान नागरिक संहिता (यूसीसी) विधेयक पर चर्चा होगी। यह विधेयक एक देश-एक विधान-एक प्रधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि 20 जुलाई से विधानसभा सत्र प्रारंभ हो रहा है। यह सत्र 24 जुलाई तक चलेगा, जिसमें 14 विधेयक आना है। सभी मंत्रीगण अपने विभागों के विधेयक की समय से तैयारी पूर्ण करें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव, मंत्रालय में मंत्रि-परिषद की बैठक से पहले, मंत्रीगण को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वर्ष 2027 'युवा वर्ष' के रूप में मनाया जाएगा। युवा वर्ष में संचालित की जाने वाली गतिविधियों तथा नवाचारों के संबंध में प्रदेशवासियों से सुझाव आमंत्रित किए जा रहे है। उपयुक्त सुझावों को वर्ष 2027 की कार्य योजना में शामिल किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वर्तमान किसान कल्याण वर्ष 2026 में नवाचार करने तथा किसान हितैषी गतिवधियां संचालित करने के संबंध में भी मंत्रीगण से सुझाव आमंत्रित किए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नगरीय आवास एवं विकास विभाग को राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस पुरस्कार 2026 के अंतर्गत सायबर सुरक्षा श्रेणी में प्रतिष्ठित रजत पुरस्कार प्राप्त होने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि विभाग ने विकसित ई-नगर पालिका प्लेटफॉर्म और आधुनिक तकनीक के माध्यम से नगरीय प्रशासन कार्यों को सरल और पारदर्शी बनाया है। यह उपलब्धि प्रदेश में डिजिटल सुशासन, पारदर्शी प्रशासन और नागरिक केंद्रित सेवाओं के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता का परिणाम है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि 12 जुलाई को इन्दौर में 21 लाख पौध-रोपण और 51 हजार वर्षा जल संचयन इकाइयों की स्थापना का शुभारंभ हुआ। एक पेड़ मां के नाम' अभियान तथा जल, जंगल और पर्यावरण बचाने का यह महाभियान देश में एक उदाहरण बनेगा। इंदौर में इस अभियान का तीसरा वर्ष है और हर वर्ष इसमें समाज की सहभागिता बढ़ रही है।