नईदिल्ली (15 मई 26)। देशभर में महंगाई ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बीते 48 घंटों में सोना-चांदी, दूध, पेट्रोल-डीजल और सीएनजी जैसी जरूरी चीजों की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हुई है, जिससे जनता पर महंगाई का चौतरफा अटैक देखने को मिल रहा है। सबसे पहले सरकार द्वारा सोने-चांदी पर इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ाए जाने के बाद इनके दामों में तेज उछाल आया। बाजार में सोना करीब 11,000 रुपए और चांदी 22,000 रुपए तक महंगी हो गई। इससे ज्वेलरी खरीदने वालों को बड़ा झटका लगा। इसके बाद दूध कंपनियों ने भी कीमतों में इजाफा कर दिया। अमूल और मदर डेयरी ने पैकेज्ड दूध के दाम 2 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ा दिए हैं। नई दरें 14 मई से लागू हो चुकी हैं।
इसी बीच तेल कंपनियों ने भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 3 रुपए प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी कर दी। नई कीमतें 15 मई से लागू हुई हैं। बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में पेट्रोल 97.77 रुपए प्रति लीटर और डीजल 90.67 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया है। मुंबई, कोलकाता और चेन्नई समेत अन्य बड़े शहरों में भी ईंधन की कीमतों में इजाफा हुआ है। महंगाई का असर सीएनजी पर भी पड़ा है। दिल्ली और मुंबई में सीएनजी की कीमतें 2 रुपए प्रति किलो तक बढ़ा दी गई हैं। दिल्ली में अब सीएनजी 79.09 रुपए प्रति किलो, जबकि मुंबई में 84 रुपए प्रति किलो के भाव पर बिक रही है। लगातार बढ़ती कीमतों ने आम आदमी के घरेलू बजट पर दबाव बढ़ा दिया है और आने वाले दिनों में महंगाई को लेकर चिंता और गहरा सकती है।