लातूर (02 अप्रैल 24)। कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष नाना पटोले ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार ने पिछले 10 साल में माल एवं सेवाकर (जीएसटी) के जरिये जनता को लूटा है और सार्वजनिक उपक्रमों के बेचकर देश को बर्बाद कर दिया है। पटोले ने लातूर में मीडिया से बतचीत में कहा कि केंद्र सरकार के प्रति जनता में बड़े पैमाने पर आक्रोश है और इसलिए ‘भाजपा की हार तय है।' लातूर लोकसभा सीट से भाजपा ने अपने मौजूदा सांसद सुधाकर श्रंगारे को फिर से मैदान में उतारा है, जबकि कांग्रेस ने नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. शिवाजी कलगे को अपना प्रत्याशी बनाया है।
उन्होंने कहा, ‘पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की आलोचना करने के बजाय भाजपा को बताना चाहिए कि उसने गत 10 साल में देश की अर्थव्यवस्था को सुधारने के लिए क्या कदम उठाए हैं।' पटोले ने दावा किया कि मनमोहन सिंह के शासनकाल में भारत की अर्थव्यवस्था कहीं बेहतर थी। उन्होंने कहा, ‘लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जनता ने भाजपा के खिलाफ नाराजगी और आक्रोश व्यक्त किया है। भाजपा से युवा हताश हैं। महाराष्ट्र में ‘इंडिया' गठबंधन के उम्मीदवार सभी 48 सीट पर जीत दर्ज करेंगे।'