इंदौर (10 मई 26)। इंदौर विधानसभा तीन के पूर्व विधायक और वरिष्ठ कांग्रेस नेता अश्विन जोशी को आज हजारों लोगों ने नम आंखों से अंतिम विदाई दी। रविवार सुबह जब उनके मार्तण्ड चौक स्थित घर से अंतिम यात्रा निकली तो हजारों लोग उमड़ पड़े। इन लोगों में विभिन्न दलों के नेताओं के साथ समाज के हर वर्ग और उम्र के लोग शामिल थे। शहर के लोगों ने एक ऐसा जननेता खो दिया जो बेबाक था, दबंग था और दिलदार भी था। समृध्द परिवार में राजनीतिक विरासत का ऐसा पहरेदार था, जिसने कांग्रेस को शहर में एक नई पहचान दिलाई। राजनीति के अलावा धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रवाद की धरोहर को उन्होंने समृद्ध किया। जनता के लिए किसी से भी भिड़ जाना और अंतिम समय तक निर्णायक लड़ाई लड़ना उनका स्वभाव था। अपने विरोधियों के भी उनका मित्रवत व्यवहार स्मरणीय है। यह सब उनकी अंतिम यात्रा में परिलक्षित भी हो रहा था। रास्तेभर फूलो की बौंछार और घरो के बाहर और गैलरियों व छतों पर खड़े लोगों महिला पुरुष सभी की आंखों से बहते आंसू बता रहे थे कि लोगों ने आज क्या खो दिया। श्मसान घर पर शोकसभा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी का शोक सन्देश पड़ा गया। मप्र सरकार की ओर कैबिनेट मंत्री तुलसीराम सिलावट मौजूद थे। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, वरिष्ठ नेता कृपाशंकर शुक्ला, अरुण यादव, सज्जनसिंह वर्मा, विधायक गोलू शुक्ला, भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, गोपीकृष्ण नेमा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे, जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े, अरविन्द बागड़ी, राजू भदौरिया, अनिल त्रिवेदी, अनवर खान, जीतू जिराती, कैलाश शर्मा, कुलभूषण मित्तल, राजेश चौकसे, मनीष शर्मा, दीपू यादव, अमन बजाज, देवेंद्र सिंह यादव, केके मिश्रा, पत्रकार अन्ना दुराई, अरविन्द तिवारी सहित कई संस्थाओं के पदाधिकारी, व्यापारी, मराठी समाज के लोग और उनके प्रशंसकों की भीड़ बता रही थी कि अश्विन जोशी कितने कद्दावर नेता थे।
रामबाग श्मसान घाट पर स्वर्गीय जोशी के पुत्र आदित्य जोशी ने उन्हें मुखाग्नि दी। इस दौरान परिवार के वरिष्ठ सदस्यों के साथ उनके छोटे भाई वरिष्ठ पत्रकार संजय जोशी, मनीष जोशी और कांग्रेस नेता दीपक जोशी पिंटू, अभिषेक जोशी सहित कई लोग मौजूद रहे। कांग्रेस प्रवक्ता अभय दुबे ने जानकारी दी है कि स्वर्गीय अश्विन जोशी के प्रति आदरांजलि के लिए आगामी 12 मई मंगलवार शाम 4:30 से 5:30 बजे तक ब्रिलिएंट कन्वेंशन सेंटर में बैठक राखी गई है।