Wednesday, 30 Sep 2026

जनसेवा का सम्मान हैं सेवा पदक: मुख्यमंत्री

भोपाल (16अगस्त 26)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वाधीनता दिवस-2026 के अवसर पर शनिवार को मुख्यमंत्री निवास में आयोजित एक गरिमामय समारोह में राष्ट्रपति के विशिष्ट सेवा पदक, सराहनीय सेवा पदक, सराहनीय सेवा के लिए राष्ट्रपति के होमगार्ड तथा नागरिक सुरक्षा पदक एवं सर्वोत्तम जीवन रक्षा पदक से अलंकृत पुलिस और होमगार्ड्स के 47 अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने पदक विजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके साहस, शौर्य और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। कार्यक्रम की शुरुआत मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुई। इस दौरान पुलिस आर्केस्ट्रा ने देशभक्ति गीतों, पुलिस के नवागत एवं प्रशिक्षु आरक्षकों ने श्रीकृष्ण लीला एवं जनजातीय पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रस्तुति देने वाले पुलिस जवानों की सराहना की और सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़े पुलिस जवानों के दल को विशेष पुरस्कार प्रदान करने की घोषणा की।

समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पुलिस, प्रदेश में सेवा, सुरक्षा और सुशासन की असली रीढ़ है। मध्यप्रदेश करीब 35 साल बाद नक्सल मुक्त हुआ है। पुलिस ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस पर अनमोल तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने नक्सलवाद मुक्त भारत का संकल्प लिया था। इस संकल्प के साथ मध्य प्रदेश सरकार कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करते हुए आगे बढ़ी। सभी प्रदेशवासियों के लिए गर्व का विषय है मध्य प्रदेश लाल सलाम को आखिरी सलाम करने वाला देश का अग्रणी राज्य बना है। नक्सल मुक्त भारत के अभियान में मध्य प्रदेश पुलिस के जवानों और हॉक फोर्स की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। हमारे पुलिस जवानों ने कई नक्सलियों का सफाया किया तो कई ने सरकार और पुलिस के सामने अपने हथियार डाल दिए। अब ऐसे पूर्व नक्सली भी विकास की मुख्य धारा से जुड़ रहे हैं। केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार लंबे समय तक जीवन की मूलभूत सुविधाओं से वंचित रहे जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए संकल्पित है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि साइबर अपराधों और नशे के खिलाफ पुलिस ने अभियान छेड़ा है, उसके लिए पूरा विभाग बधाई का पात्र है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्दी पर सजे मेडल आपकी अपने काम के प्रति निष्ठा, सजगता और अपनी जिम्मेदारियों के प्रति अगाध समर्पण का प्रतीक हैं। आप सबने अपने अदम्य साहस, शौर्य और जनसेवी भावना से सिर्फ पुलिस विभाग का ही नहीं, पूरे प्रदेश का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि पुलिस और होमगार्ड्स के अधिकारी-कर्मचारी विषम परिस्थितियों में भी नागरिकों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तत्पर रहते हैं। इनके समर्पण और सेवाभाव से ही समाज में सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत होती है। पुलिस समाज में समरसता लाने की दिशा में भी बड़ी भूमिका निभाती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सबको मिला यह पदक व्यक्तिगत उपलब्धि ही नहीं, उत्कृष्ट सेवा, अनुशासन और राष्ट्र तथा समाज के प्रति आपकी प्रतिबद्धता का भी सम्मान है।


Tags:

Follow us

This question is not available..!