मथुरा (06 जुलाई 26)। उत्तर प्रदेश के मथुरा में सरकारी स्तर पर आयोजित होने वाला 'श्रीकृष्ण जन्मोत्सव-2026' कार्यक्रम इस वर्ष श्रीकृष्ण जन्माष्टमी से एक सप्ताह पहले शुरू होगा। इस दौरान मथुरा-वृंदावन के प्रमुख चौराहों और मार्गों को सजाया जाएगा तथा विभिन्न स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को दिव्य और भव्य स्वरूप देने के लिए गीता शोध संस्थान परिसर स्थित यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के क्षेत्रीय कार्यालय में मंडलायुक्त नरेंद्र प्रताप की अध्यक्षता में तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में महापर्व को पहले से अधिक भव्य बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
जिलाधिकारी ने बताया कि परंपरा के अनुसार इस वर्ष श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि, चार सितंबर को मनाया जाएगा। हालांकि, राज्य के पर्यटन विभाग, संस्कृति विभाग, ब्रज तीर्थ विकास परिषद और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 'श्रीकृष्ण जन्मोत्सव-2026' का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव से सात दिन पहले ही कर दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि इसके तहत प्रमुख चौराहों और श्रद्धालुओं के आवागमन वाले मार्गों पर मंच बनाकर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। ओपन एयर थिएटर और ऑडिटोरियम में देश, प्रदेश और ब्रज क्षेत्र के स्थानीय कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। प्रमुख स्थलों पर 'सेल्फी प्वाइंट' बनाए जाएंगे तथा एलईडी वैन और बड़ी स्क्रीन के माध्यम से श्रद्धालुओं के लिए मंदिरों के सजीव दर्शन की व्यवस्था की जाएगी।