अशोकनगर (27 अगस्त 24)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि भगवान श्रीकृष्ण ने हमे धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश दिया है। चंदेरी नगरी का संबंध भगवान श्रीकृष्ण से रहा है। चंदेरी पवित्र नगरी है। इस नगरी के विकास में कोई कमी नहीं आने दी जायेगी। चंदेरी को पर्यटन तीर्थ के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने हमें अडिग होकर धर्म के मार्ग पर चलना सिखाया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अशोकनगर के चंदेरी की नवीन कृषि उपज मंडी में आयोजित श्रीकृष्ण पर्व कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में करोड़ों रूपए के विकास कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण किया। उन्होंने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किये। कार्यक्रम में में संस्कृ्ति विभाग, मॉडल स्कूल चंदेरी, लोक कला मंडली चंदेरी तथा वृंदावन के कलाकारों द्वारा कृष्णलीलाओं पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। डॉ. यादव ने कहा कि हमारा देश संस्कृति प्रधान देश है। उन्होंने कहा कि चंदेरी हेण्डलूम पार्क में सभी धर्म के लोगों ने एक साथ हथकरघा पर काम करते हुए चंदेरी साड़ी को विश्व में प्रसिद्ध किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि शिशुपाल की नगरी चंदेरी में श्रीकृष्ण पर्व कार्यक्रम में शामिल होने पर हम सभी गौरवान्वित है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने चंदेरी में आयोजित कार्यक्रम में कई सौगातें दी। उन्होंने कहा कि चंदेरी को पर्यटन तीर्थ के रूप में विकसित किया जाएगा। 'श्रीकृष्ण पाथेय' में चंदेरी को भी शामिल किया जाएगा। अशोकनगर की पर्वतारोही कु. मुस्कान को 4 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। तहसील नईसराय में परीक्षण के उपरांत महाविद्यालय खोला जाएगा। तहसील बहादुरपुर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खोला जाएगा। शिशुपाल गढ़ी कल्याण राय द्वार का जीर्णोद्धार किया जाएगा। चंदेरी के किला कोठी में 5 कक्ष निर्मित किये जाएंगे। गौ-पालकों को 10 गायों से अधिक पालने पर सरकार द्वारा अनुदान दिया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने चंदेरी में 2.60 करोड़ रूपये के 4 विकास कार्यों का भूमि-पूजन और 11.33 करोड़ रूपये के 3 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में नवीन एवं नवकरणीय उर्जा विभाग तथा जिले के प्रभारी मंत्री राकेश शुक्ला, विधायक जगन्नाथ सिंह रघुवंशी, बृजेन्द्र सिंह यादव, पूर्व सांसद डॉ. के.पी.यादव और आलोक तिवारी ने भी संबोधित किया।