छिंदवाड़ा (07 अगस्त 26)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 'मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान' का शुभांरभ करते हुए छिंदवाड़ा जिले के कलेक्ट्रेट में आमजन की समस्याओं को सुना। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर लंबित शिकायतों की आवेदकों की उपस्थिति में एक-एक कर समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही, उदासीनता अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। समीक्षा के दौरान जिन प्रकरणों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की लापरवाही सामने आई, उन पर उन्होंने तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही पात्र हितग्राहियों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराते हुए योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शुक्रवार को छिंदवाड़ा कलेक्ट्रेट के कार्यक्रम में जिले की प्रेरक प्रतिभाओं से आत्मीय संवाद किया। कृषि, नवाचार, खेल, महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण पर्यटन, उद्योग और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले प्रतिभागियों ने अपनी सफलता की कहानियां मुख्यमंत्री के साथ साझा कीं। मुख्यमंत्री ने उनकी उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी प्रतिभाएं मध्यप्रदेश के विकास की वास्तविक शक्ति हैं और समाज के लिए प्रेरणा स्रोत भी हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बैठक में विभागवार समीक्षा करते हुए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति तथा सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने राजस्व, नल-जल, ऊर्जा, पुलिस सहित सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए शिकायत करने की नौबत नहीं आनी चाहिए। प्रत्येक प्रकरण का निर्धारित समय-सीमा में पारदर्शी, संवेदनशील एवं जवाबदेह तरीके से निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
कार्यक्रम में लोक निर्माण विभाग एवं जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह, सांसद विवेक बंटी साहू, विधायक कमलेश प्रताप शाह, महापौर विक्रम आहके, शेषराव यादव, मुख्य सचिव शोक बर्णवाल, सचिव डॉ. सुदाम खाड़े, संभागायुक्त धनंजय सिंह, कलेक्टर हरेंद्र नारायन, पुलिस अधीक्षक अजय पांडेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।