Sunday, 04 Oct 2026

जम्मू-कश्मीर में आतंकियों की हलचत, हाई अलर्ट

जम्मू (18 मार्च 25)। राजौरी जिले के सुंदरबनी क्षेत्र के गांदेह, फाल गांव में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली है जिसके बाद  सुरक्षा बलों ने बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया। मिली जानकारी के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियों को क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिली थी, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने तुरंत इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया।

गौरतलब है कि इससे पहले 26 फरवरी को सुंदरबनी के इसी फाल गांव के पास आतंकियों ने एक सैन्य वाहन पर गोलीबारी की थी। यह हमला घुसपैठ के लिए कुख्यात मार्ग पर किया गया था। हालांकि, इस हमले में किसी के हताहत होने की खबर नहीं थी। सुरक्षा बलों को संदेह है कि हमले के बाद आतंकी जंगलों में छिपे हो सकते हैं। इसी के मद्देनजर इलाके की तलाशी ली जा रही है। सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और स्थानीय निवासियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

उधर हंदवाड़ा में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में पाकिस्तान निवासी सफीउल्लाह नामक एक आतंकवादी मारा गया है। अधिकारियों ने पुष्टि की कि वह लंबे समय से सक्रिय था। SSP हंदवाड़ा मुश्ताक अहमद चौधरी के अनुसार विशेष खुफिया सूचनाओं के आधार पर सुबह-सुबह अभियान शुरू किया गया था। मुठभेड़ के दौरान आतंकवादी से संपर्क स्थापित किया गया, जिसके बाद उसे मार गिराया गया। SSP ने जानकारी देते हुए बताया कि सुरक्षा बलों ने घटनास्थल से एक एके-47 राइफल, चार मैगजीन, एक ग्रेनेड और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की। 

Tags:

Follow us

This question is not available..!