Tuesday, 29 Sep 2026

जम्मू रेल मंडल में पहली बार दौड़ेगा सीमेंट ट्रैफिक

जम्मू (14 सितंबर 26)। जम्मू मंडल ने माल यातायात के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। मंडल के अथक, निरंतर और समन्वित फ्रेट मार्केटिंग प्रयासों के फलस्वरूप मंडल में पहली बार सीमेंट की लोडिंग के लिए इंडेंट लगाया गया है। यह पहली बार होगा कि सीमेंट की खेप मंडल के एक रेलवे स्टेशन से मंडल के ही दूसरे रेलवे स्टेशन तक रेल मार्ग से पहुंचाई जाएगी। जम्मू मंडल की बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट द्वारा लगातार उद्योग जगत से संपर्क किया जा रहा था। इसी क्रम में टीम द्वारा गणपति सीमेंट, कठुआ के साथ कई दौर की बैठकें कर उन्हें अपने उत्पाद को रेलवे के माध्यम से घाटी में भेजने के लिए राजी किया गया।

यह न केवल जम्मू मंडल के लिए एक बिल्कुल नया ट्रैफिक होगा, बल्कि यह एक नया ओ-डी पेयर भी है जिसे मंडल ने सफलतापूर्वक कैप्चर किया है। शहीद कैप्टन सुनील कुमार चौधरी कठुआ रेलवे स्टेशन से अनंतनाग रेलवे स्टेशन तक एक बीसीएन रेक का इंडेंट लगाया गया है, जिसमें कमोडिटी सीमेंट बैग होगी। वर्तमान में इंडेंट लग चुका है और दिनांक 14 सितंबर से लोडिंग की जाएगी। कंपनी द्वारा यह आश्वासन दिया गया है कि कश्मीर घाटी में बाजार की मांग के अनुसार आने वाले समय में इस यातायात को निरंतर और अधिक मात्रा में जारी रखा जाएगा। म्मू मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री उचित सिंघल ने कहा, 'यह जम्मू मंडल के लिए एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। पहली बार सीमेंट जैसा नया ट्रैफिक हमारे मंडल से जुड़ रहा है, यह हमारी फ्रेट मार्केटिंग टीम की लगातार मेहनत का परिणाम है। हमारा लक्ष्य रेलवे को व्यापारियों के लिए अधिक किफायती, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल विकल्प बनाना है। शहीद कैप्टन सुनील कुमार चौधरी रेलवे स्टेशन से अनंतनाग रेलवे स्टेशन तक यह नया ओ-डी पेयर भविष्य में घाटी में निर्माण सामग्री की आपूर्ति के लिए एक महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगा।' यह पहल माननीय प्रधानमंत्री के पीएम गतिशक्ति और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन के विजन को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!