जयपुर (24 सितंबर 24)। राजधानी जयपुर में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की सुरक्षा में बड़ी चूक का मामला सामने आया। दरअसल, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सीकर रोड स्थित भवानी निकेतन स्कूल के कैंपस में पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मोड पर सैनिक स्कूल का उद्घाटन करने आए थे। इस दौरान ऐसा क्या हुआ कि रक्षा मंत्री की सुरक्षा में चूक हो गई। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सीकर रोड स्थित भवानी निकेतन स्कूल के कैंपस में पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मोड पर सैनिक स्कूल का उद्घाटन करने के बाद एयरपोर्ट के लिए रवाना हो रहे थे। इसी बीच अचानक ही एक बालक सुरक्षा घेरा तोड़कर राजनाथ सिंह के पास पहुंच गया। हालांकि इस दौरान सुरक्षाकर्मियों की सतर्कता काम आई और सुरक्षाकर्मियों ने छात्र को उठाकर बाहर की ओर धकेल दिया। लेकिन राजनाथ सिंह ने सादगी दिखाते हुए छात्र को अपने पास बुलाया और छात्र की पूरी बात सुनी। इस दौरान छात्र हर्ष भारद्वाज ने बड़े ही सहज भाव से राजनाथ सिंह की उम्मीद भरी निगाहों से देखते हुए कहा कि 10वीं क्लास में पढ़ता है और जयपुर में अकेला रहता है। उसकी मम्मी झालावाड़ में सरकारी टीचर हैं। उनका ट्रांसफर यहां नहीं हो रहा है। हालांकि राजनाथ सिंह ने छात्र हर्ष भारद्वाज से उसकी मम्मी के ट्रांसफर को लेकर उसके हाथों में मौजूद एप्लीकेशन तक नहीं ली। ऐसे में देश के रक्षा मंत्री के पास जाने के बाद भी छात्र को मायूस ही लौटना पड़ा।