ओटावा (08 नवंबर 24)। कनाडा में हाल ही में हिंदू मंदिर पर हमले और हिंदू समुदाय को निशाना बनाए जाने के बाद भारत ने कनाडा सरकार के एक और कदम पर सवाल उठाए हैं। इस बार कनाडा ने ऑस्ट्रेलियाई मीडिया संस्थान 'ऑस्ट्रेलिया टुडे' के सोशल मीडिया अकाउंट को ब्लॉक कर दिया है। यह कार्रवाई उस वक्त हुई जब भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर और उनके ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष पेनी वोंग की प्रेस कॉन्फ्रेंस हो रही थी।
भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर और पेनी वोंग के बीच प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद कनाडा ने ऑस्ट्रेलियाई चैनल 'ऑस्ट्रेलिया टुडे' के सोशल मीडिया पेज को ब्लॉक कर दिया। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में, एस जयशंकर ने कनाडा पर आरोप लगाया था कि वह बिना किसी ठोस सबूत के भारत पर झूठे आरोप लगा रहा है। इसके तुरंत बाद ही कनाडा ने 'ऑस्ट्रेलिया टुडे' के सोशल मीडिया अकाउंट्स को ब्लॉक कर दिया। भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इस कदम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कनाडा का यह कदम चौंकाने वाला है। उन्होंने कहा, 'यह कनाडा के पाखंड को उजागर करता है।' उन्होंने आगे कहा कि इस कार्रवाई से साफ पता चलता है कि कनाडा ने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को नजरअंदाज किया है।