इंदौर (27 मई 26)। शहर में व्याप्त भारी जलसंकट के बीच मंगलवार को कांग्रेस ने राजवाड़ा चौक पर जबर्दस्त प्रदर्शन किया। जलसंकट के मुद्दे पर कांग्रेस एकता दिखाई दी और सड़क पर लोगों का सैलाब उमड़ आया। शहर की सभी विधानसभाओं और वार्डों से छोटे कार्यकर्ता से लेकर नेता तक सभी अपने साथ लोगों की भारी भीड़ लेकर पहुंचे। कांग्रेस के इस प्रदर्शन को जनता का व्यापक समर्थन मिला। इसे देख सरकार और भाजपा नेताओं के चेहरों पर चिंता की लकीरें खींच गई है।
शहर में लम्बे समय बाद कोई जन आंदोलन देखने को मिला। शहर के अलग-अलग हिस्सों में जलसंकट को लेकर हो रहे प्रदर्शन के बाद मंगलवार को कांग्रेस ने एकजुटता का परिचय देते हुए राजवाड़ा चौक पर धरना देकर जबर्दस्त प्रदर्शन किया। इसमें कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया, कांग्रेस सचिव सत्यनारायण पटेल, पूर्व मंत्री बाला बच्चन, सज्जन सिंह वर्मा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष एवं नगर निगम नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे, कांग्रेस नेता दीपक जोशी 'पिंटू' और दीपू यादव सहित कई दिग्गज नेता शामिल हुए। कांग्रेस ने जलसंकट के लिए सांसद, महापौर सहित सभी विधायकों और भाजपा पार्षद सहित निगम प्रशासन को भी जिम्मेदार ठहराया है। कांग्रेसियों ने राजवाड़ा पर मटके फोड़कर भी अपना आक्रोश प्रकट किया। इस दौरान राजवाड़ा पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।