Monday, 28 Sep 2026

जहरीली शराब कांड: 14 की मौत, कई गंभीर

सागर (06 सितंबर 26)। सागर जिले की बंडा तहसील के गोगरा खुर्द, नौरोज और पाटन सहित आसपास के इलाकों में कथित नकली शराब के सेवन के बाद बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत अचानक खराब हो गई। कई लोगों को उपचार के लिए बंडा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस पूरे घटनाक्रम में 100 से अधिक लोग बीमार हुए हैं। इलाज के दौरान अब तक 14 लोगों की मौत की बात सामने आई है। गंभीर मरीजों को आगे के उपचार के लिए सागर स्थित बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। मामले की जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी सक्रिय हो गए। सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल और एसपी अनुराग सुजानिया ने प्रभावित इलाकों का दौरा किया। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर मरीजों की स्थिति की जानकारी ली और चिकित्सकों को उपचार में किसी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले में मध्य प्रदेश सरकार ने आबकारी विभाग पर बड़ी कार्रवाई की है। गोगरा खुर्द, नौरोज और पाटन गांवों में नकली शराब के सेवन से हुई मौतों के बाद सरकार ने जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करते हुए तीन आबकारी अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। वहीं संभागीय फ्लाइंग स्क्वाड की प्रभारी एवं उपायुक्त नीरजा श्रीवास्तव को ग्वालियर मुख्यालय अटैच किया गया है।

सरकार के इस फैसले के बाद आबकारी विभाग में हड़कंप की स्थिति है। प्रशासनिक स्तर पर मामले की जांच तेज कर दी गई है और अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि गांवों तक नकली शराब कैसे पहुंची और इसके पीछे कौन लोग सक्रिय थे। शासन की कार्रवाई के तहत सागर में पदस्थ सहायक आबकारी आयुक्त कीर्ति दुबे, सहायक जिला आबकारी अधिकारी दिलीप खंडाते और बंडा सर्किल की आबकारी उप निरीक्षक प्रोशनी उरेती को निलंबित किया गया है। इसके साथ ही उपायुक्त एवं संभागीय फ्लाइंग स्क्वाड प्रभारी नीरजा श्रीवास्तव को सागर से हटाकर ग्वालियर मुख्यालय अटैच किया गया है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!