टोक्यो (23 मई 25)। जापान वैसे तो भूकंप और सुनामी के खतरे के चलते हमेशा अलर्ट पर रहता है, लेकिन इस बार डर की वजह कोई वैज्ञानिक चेतावनी नहीं, बल्कि एक मंगा कलाकार की किताब है! सोशल मीडिया पर 'जापानी बाबा वेंगा' के नाम से मशहूर रयो तात्सुकी ने अपनी चर्चित मंगा 'The Future I Saw' में जुलाई 2025 के लिए एक विनाशकारी सूनामी और ज्वालामुखी विस्फोट की भविष्यवाणी की है-और इसी ने जापान में अफरा-तफरी मचा दी है।
तात्सुकी खुद को कोई भविष्यवक्ता नहीं मानतीं, लेकिन उन्होंने 1999 में जो मंगा प्रकाशित की थी, उसमें कई ऐसी घटनाओं की झलक दी गई थी जो बाद में सच साबित हुईं – जैसे 2011 की जापान सुनामी, 1995 कोबे भूकंप और यहां तक कि फ्रेडी मर्करी की मौत। उनकी किताब का 2021 में अपडेटेड संस्करण आया, जिसमें जुलाई 2025 में 'उबलते समुद्र' और 'भीषण सूनामी' की बात कही गई है।
कोई वैज्ञानिक चेतावनी नहीं आई है, फिर भी लोग घबरा रहे हैं। क्योंकि तात्सुकी की पूर्ववाणियाँ पहले भी कई बार सच साबित हुई हैं। जापान जैसे संवेदनशील देश में, जहां समुद्री और भूकंपीय गतिविधियाँ सामान्य बात हैं, ऐसे में एक काल्पनिक भविष्यवाणी भी बड़ी चिंता का कारण बन रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस भविष्यवाणी के चलते जुलाई 2025 की बुकिंग में 30% से 50% तक की गिरावट देखी गई है। खासकर ताइवान, थाईलैंड, सिंगापुर और फिलीपींस से आने वाले पर्यटक अपनी यात्राएँ रद्द या स्थगित कर रहे हैं। होटल मालिकों का कहना है कि डर का माहौल है, जबकि हकीकत में ऐसी कोई आधिकारिक चेतावनी नहीं है।