Wednesday, 30 Sep 2026

जापान में ब्रिटेन के F-35B फाइटर जेट की इमरजेंसी लैंडिंग

कागोशिमा (11 अगस्त 25)। ब्रिटिश रॉयल नेवी के अत्याधुनिक F-35B फाइटर जेट को तकनीकी खराबी के चलते जापान के कागोशिमा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। यह घटना इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में ब्रिटिश नौसेना के एचएमएस प्रिंस ऑफ वेल्स कैरियर स्ट्राइक ग्रुप की तैनाती के दौरान हुई। एयरपोर्ट पर इस आकस्मिक लैंडिंग के कारण करीब 20 मिनट तक रनवे बंद रहा और निर्धारित छह उड़ानों में देरी हुई।

ब्रिटिश रॉयल नेवी ने बताया कि तकनीकी खराबी की वजह से विमान का तत्काल निरीक्षण किया जा रहा है और वह जल्द ही अपनी कैरियर स्ट्राइक ग्रुप के साथ फिर से सेवा में लौटेगा। जापान के सरकारी न्यूज चैनल NHK के फुटेज में विमान रनवे के किनारे खड़ा दिखा, जिसमें किसी प्रकार की बड़ी क्षति नहीं थी। कागोशिमा एयरपोर्ट के अधिकारियों ने बताया कि पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को मैकेनिकल समस्या के बारे में सूचना दी थी और सुरक्षित लैंडिंग की मांग की थी। यह ब्रिटिश F-35B लड़ाकू विमान में तकनीकी खराबी का दूसरा मामला है। इससे पहले 14 जून को ब्रिटेन से ऑस्ट्रेलिया जा रहे एक F-35B को केरल के तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट पर हाइड्रोलिक फेलियर के कारण इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी थी। तब यह विमान भारत में करीब 37 दिन तक ग्राउंडेड रहा, जिससे उड़ान भरे जाने में काफी देरी हुई।

इस घटना ने इस अमेरिकी निर्मित पांचवीं पीढ़ी के स्टील्थ फाइटर जेट की विश्वसनीयता को लेकर सवाल उठाए हैं। खासकर जब अमेरिका इस विमान को भारत को बेचने की कोशिश कर रहा है, लेकिन भारतीय वायुसेना ने इसे स्वीकारने में रुचि नहीं दिखाई है। इसके पीछे प्रमुख कारण हैं विमान की रखरखाव लागत और लॉजिस्टिक सपोर्ट में हो रही देरी।

Tags:

Follow us

This question is not available..!