इंदौर (27 सितंबर 25)। इंदौर आए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कई अहम मुद्दों पर भाजपा सरकार और प्रशासन को घेरा। उन्होंने लव जिहाद शब्द को भ्रामक बताते हुए कहा कि यह शब्द गलत तरीके से प्रचारित किया जा रहा है। जिहाद का मतलब होता है आत्म-सुधार और अपने भीतर की बुराइयों से लड़ना। इसे प्रेम और प्रेरणा के रूप में देखा जाना चाहिए, न कि संकीर्ण सोच से। सिंह ने कहा कि कई भाजपा नेताओं ने भी अंतरधार्मिक विवाह किए हैं। फिर भी सिर्फ मुस्लिम युवकों को निशाना बनाकर प्रताड़ित किया जा रहा है। सीतलामाता बाजार के कर्मचारियों को लव जिहाद के नाम पर परेशान किया जा रहा है, जबकि कोई ठोस प्रमाण नहीं है। उन्होंने आई लव मोहम्मद पोस्टर विवाद पर कहा कि जब हर कोई अपने ईश्वर से प्रेम करता है तो किसी को भी दूसरे धर्म के प्रतीकों से प्रेम करने पर आपत्ति क्यों होनी चाहिए?
पुलिस ने नहीं की ठोस कार्रवाई- पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व नफरत फैलाकर धर्म की दुकान चला रहे हैं, जो संविधान के मूल भावनाओं के खिलाफ है। दुख की बात है कि पुलिस इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही। उन्होंने आरोप लगाया कि दंगों में जो लोग असल में पीड़ित होते हैं, उन्हें ही आरोपी बना दिया जाता है। अफसर भी निष्क्रिय हैं और सरकार की मंशा पर सवाल उठते हैं। दिग्विजय सिंह ने अपने कार्यकाल की याद दिलाते हुए कहा कि जब वे मुख्यमंत्री थे तो अफसरों को सांप्रदायिक उन्माद फैलाने वालों पर सख्ती से कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। परिणामस्वरूप उनके दस साल के शासन में कोई बड़ा दंगा नहीं हुआ। उन्होंने बजरंग दल और सिमी, दोनों के खिलाफ कार्रवाई की थी क्योंकि उनका मानना है कि दंगे एकतरफा नहीं होते, बल्कि दोनों पक्षों की भूमिका होती है।
भावांतर योजना दोबारा लागू करने की तैयारी- किसानों के मुद्दे पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि सोयाबीन के दाम नहीं बढ़े हैं, जबकि लागत कई गुना बढ़ गई है। सरकार की भावांतर योजना पूरी तरह विफल रही है, फिर भी उसे दोबारा लागू करने की तैयारी की जा रही है। जीएसटी पर भी दिग्विजय सिंह ने हमला बोलते हुए कहा कि पिछले आठ सालों में इसे गब्बर सिंह टैक्स की तरह लागू किया गया, जिसमें बड़े व्यापारियों को फायदा मिला और आम जनता पर बोझ बढ़ा। नई स्लैब व्यवस्था में भी भारी विसंगतियां हैं। कैलाश विजयवर्गीय के एक हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि भाई-बहन के प्रेम को गलत रूप देना निंदनीय है, और ऐसे बयान समाज को तोड़ने वाले हैं।