नईदिल्ली (02 नवंबर 25)। देशभर में नई GST लागू हुए 1 महीने से ज्यादा का समय बीत गया है। नई GST लागू होने के बाद बीते महीने GST कलेक्शन में सालाना आधार पर 4.6% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यह वृद्धि दर पिछले महीनों में हुई 9 % की औसत ग्रोथ की तुलना में थोड़ी धीमी है।
स्थानीय बिक्री का संकेत देने वाला घरेलू राजस्व अक्टूबर में 2% बढ़कर1.45 लाख करोड़ रुपये हो गया।आयात पर लगने वाला कर करीब 13% बढ़कर 50,884 करोड़ रुपये हो गया। अक्टूबर 2025 में शुद्ध जीएसटी राजस्व 1.69 लाख करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वर्ष की तुलना में 0.2 % की मामूली वृद्धि दर्शाता है। इस दौरान जीएसटी रिफंड में भी तेज़ी देखने को मिली है। रिफंड साल-दर-साल आधार पर 39.6 % बढ़कर 26,934 करोड़ रुपये हो गया है। टैक्स कनेक्ट एडवाइजरी सर्विसेज के पार्टनर विवेक जालान ने बताया कि अक्टूबर पहला ऐसा पूरा महीना था, जिस पर जीएसटी 2.0 दरों में कटौती का असर साफ दिखाई दिया। उन्होंने कहा कि दरों में कटौती के बावजूद खपत में हुई वृद्धि ने राजस्व में आई कुछ कमी की भरपाई कर दी है। इसी के साथ जालान ने एक चेतावनी भी दी है। उनके अनुसार, संशोधित टैक्स ढांचे ने पैकेजिंग, फार्मास्यूटिकल्स और कृषि जैसे क्षेत्रों में Inverted Duty की समस्या को और गहरा कर दिया है। इसका नतीजा यह हो सकता है कि आने वाले महीनों में रिफंड के दावों में बढ़ोतरी देखने को मिले।