पटना (17 जुलाई 24)। बिहार पुलिस ने विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के अध्यक्ष मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी की जघन्य हत्या की जांच के सिलसिले में पूछताछ के लिए कुल 4 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने एक बयान में इसकी जानकारी दी। दरभंगा जिला पुलिस की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, 'सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण से पता चला है कि 4 लोग 15 जुलाई की रात करीब 10.30 बजे जीतन सहनी के घर में प्रवेश किए और कुछ देर भीतर रहने के बाद बाहर निकल गए।'
बता दें कि पूर्व राज्य मंत्री मुकेश सहनी के 70 वर्षीय पिता की 16 जुलाई को दरभंगा जिले में उनके पैतृक आवास में धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई थी। बयान के अनुसार 'जांचकर्ता हिरासत में लिए गए चारों लोगों के कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच कर रहे हैं। हिरासत में लिए गए लोगों के बारे में जानकारी और सोमवार रात को पीड़ित के घर जाने का उद्देश्य के बारे में भी पता लगा रहे हैं। उनके बारे में अन्य जानकारी भी ग्रामीणों से जुटाई जा रही है।' इसमें कहा गया है कि हिरासत में लिए गए लोगों की प्रारंभिक जांच और पूछताछ से पता चला है कि इनमें से दो ने सहनी से ब्याज पर पैसे उधार लिए थे। बयान के अनुसार, 'यह भी पता चला है कि सहनी की हत्या से दो दिन पहले उनके साथ तीखी बहस हुई थी और बहस के बाद पीड़ित को सबक सिखाने की धमकी दी थी।' पुलिस के अनुसार, 'माना जा रहा है कि हिरासत में लिए गए लोगों में से एक ने पीड़ित से लोन लेने के लिए अपनी मोटरसाइकिल गिरवी रख दी थी। सोमवार की रात 10 बजे आरोपी बाइक छुड़ाने के लिए जीतन सहनी के पास गए थे। इसी दौरान ब्याज के रुपए को लेकर विवाद हो गया। मामले की अन्य पहलुओं से जांच की जा रही है।' एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल से एकत्र किए गए सभी महत्वपूर्ण साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि जांचकर्ता ‘अपराध में प्रयुक्त हथियार' भी बरामद करने का प्रयास कर रहे हैं। जांच के लिए जिला पुलिस की एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई है।