Tuesday, 29 Sep 2026

जीत पर पीएम मोदी को कई राष्ट्रप्रमुखों ने दी बधाई

नईदिल्ली (06 जून 24)। लोकसभा चुनाव में एनडीए को जीत मिलने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दुनिया भर के बड़े नेताओं से बधाई मिलने का सिलसिला लगातार जारी है। श्रीलंका, मालदीव, ईरान और सेशेल्स के राष्ट्रपतियों और नेपाल, बांग्लादेश, भूटान, म्यांमा तथा मॉरीशस के प्रधानमंत्रियों ने मोदी को बधाई संदेश भेजे हैं। बुधवार को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने पीएम मोदी को बधाई दी। 

अमेरिका के राष्ट्रपति जोसेफ आर बाइडेन ने ‘एक्स' पर अपनी पोस्ट में लिखा, ‘इस ऐतिहासिक चुनाव में जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन और लगभग 65 करोड़ मतदाताओं को बधाई। जैसे-जैसे हम असीमित संभावनाओं वाले साझा भविष्य का द्वार खोल रहे हैं, हमारे देशों के बीच मित्रता बढ़ती जा रही है।' गौरतलब है कि पीएम मोदी लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने वाले हैं। उनकी पार्टी बीजेपी को लोकसभा चुनाव में 240 सीटें मिली हैं, जबकि NDA को 293 सीटें मिली हैं। NDA के चुनाव जीतने के बाद 4 जून से दुनियाभर के तमाम देशों के राष्ट्रप्रमुखों ने उन्हें बधाई दी है। 

अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने ‘एक्स' पर अपनी पोस्ट में लिखा, ‘2024 के लोकसभा आम चुनाव में जीत पर श्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को बधाई। अमेरिका भारत सरकार के साथ अपनी साझीदारी को आगे बढ़ाने के लिए तत्पर है और उन अनुमानित 65 करोड़ मतदाताओं की सराहना करता है जिन्होंने मतदान के अधिकार का प्रयोग किया।' 

दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति यून सूक योल ने ट्वीट किया, 'भारतीय जनता के अपार समर्थन से आम चुनाव जीतने के लिए प्रधानमंत्री मोदी को बधाई। यह रिजल्ट आपके बेहतर नेतृत्व में उनके अटूट विश्वास को दर्शाता है। उम्मीद है कि कोरिया और भारत विशेष रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने के लिए साथ मिलकर काम करेंगे। श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे ने भी उन्हें बधाई दी। उन्होंने लिखा, एनडीए की जीत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रगति और समृद्धि में भारतीय लोगों के विश्वास को दिखाया है। सबसे करीबी पड़ोसी होने के नाते श्रीलंका, भारत के साथ साझेदारी को और मजबूत करने के लिए तत्पर है। 

चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने भी ‘एक्स' एक पोस्ट में मोदी को बधाई दी और कहा कि बीजिंग ‘स्वस्थ एवं स्थिर चीन-भारत संबंध' की उम्मीद कर रहा है'। सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर एक पोस्ट में राजग गठबंधन की जीत को ‘‘ऐतिहासिक'' बताते हुए कहा कि वह अगले वर्ष दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों की 60वीं वर्षगांठ मनाने के लिए भारत के अपने समकक्ष के साथ मिलकर काम करने के आकांक्षी हैं। जी-20 देशों में इटली और जापान के प्रधानमंत्रियों तथा दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ने चुनावी जीत पर मोदी को बधाई दी है। 


Tags:

Follow us

This question is not available..!