Wednesday, 07 Oct 2026

जेएमएम नेता शिबू सोरेन का निधन

रांची (04 अगस्त 25)। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के अध्यक्ष शिबू सोरेन का आज यानी सोमवार को निधन हो गया है। उनके निधन से पूरे राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई। शिबू सोरेन के निधन से झारखंड ही नहीं बल्कि पूरे देश भर में शोक की लहर है। अलग-अलग पार्टियों के नेता उनके निधन पर दुख जता रहे हैं। वहीं, कल नेमरा गांव में शिबू सोरेन का अंतिम संस्कार होगा। 

राज्य सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री और दिशोम गुरु शिबू सोरेन के अंतिम संस्कार और श्रद्धांजलि का शिड्युल तय कर दिया है। मंत्रिमंडल समन्वय एवं निगरानी विभाग द्वारा गुरुजी के अंतिम संस्कार को लेकर रांची एवं रामगढ़ जिला प्रशासन को आदेश जारी कर दिया गया है। दोनों जिलों के डीसी और एसपी को इसके लिए आवश्यक तैयारी पूरी कर लेने का निर्देश दिया गया है। आदेश में कहा गया है कि दिल्ली से गुरुजी का पार्थिव शरीर पहुंचने के बाद सीधे उन्हें मोरहाबादी स्थित आवास ले जाया जाएगा। फिर अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि के लिए गुरुजी के पार्थिव शरीर को पांच अगस्त की सुबह 10 बजे विधानसभा परिसर ले जाया जाएगा। यहां जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। विधानसभा में श्रद्धांजलि कार्यक्रम के समापन के बाद लगभग 12 बजे गुरुजी के पार्थिव शरीर को सड़क मार्ग से उनके पैतृक गांव नेमरा (गोला प्रखंड, जिला रामगढ़) ले जाया जाएगा। वहां उनकी अंतिम अंत्येष्टि की जाएगी।

Tags:

Follow us

This question is not available..!