Wednesday, 30 Sep 2026

जेडीयू की बैठक में 2025 में 220 से ज्यादा सीटें जीतने का रखा लक्ष्य

पटना (06 अक्टूबर 24)। शनिवार को पटना में जनता दल (यूनाइटेड) की राज्य कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के साथ जदयू कोटे के तमाम मंत्री उपस्थित रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जदयू से कहा कि वह अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के लिए 200 से अधिक सीट जीतने का प्रयास करें। जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने पार्टी की राज्य कार्यकारिणी की बैठक में नीतीश कुमार द्वारा दिए गए ‘45 मिनट के भाषण' की जानकारी मीडिया को देते हुए यह खुलासा किया।

झा ने कहा, ‘मुख्यमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं से लोगों तक पहुंचने और सरकार द्वारा किए गए अच्छे कामों को बताने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को याद दिलाया कि राजग ने 2010 में 243 में से 206 सीट जीती थीं और 2025 के लिए 220 का लक्ष्य दिया है। हमें सकारात्मक रूप से काम करना है।'  झा ने यह भी कहा कि नीतीश कुमार हाल के लोकसभा चुनावों में राजग के प्रदर्शन से उत्साहित हैं। इस चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन ने राज्य की 40 में से 30 सीट हासिल कीं। राज्यसभा सदस्य झा ने कहा, ‘मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा को बिहार को विशेष वित्तीय दर्जा देने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया, जिसकी मांग सरकार द्वारा विशेष राज्य का दर्जा देना संभव नहीं होने की स्थिति में की गई थी।'


Tags:

Follow us

This question is not available..!