Monday, 28 Sep 2026

जेलेंस्की की रूस में एयरलाइंस को चेतावनी

खारकीव (03 सितंबर 26)। रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध अब आसमान में भी और खतरनाक होता जा रहा है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रूस के एयरस्पेस को लेकर एयरलाइंस, बीमा कंपनियों और विमानन क्षेत्र से जुड़े ऑपरेटरों को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि रूस के ऊपर का हवाई क्षेत्र लगातार असुरक्षित होता जा रहा है और यूक्रेन रूसी सैन्य ठिकानों पर ड्रोन हमले जारी रखेगा। जेलेंस्की ने कहा कि रूस ने अगस्त से यूक्रेन के खिलाफ अपने हमलों की रणनीति बदलते हुए मिसाइल और ड्रोन हमले तेज कर दिए हैं। इन हमलों में यूक्रेन के शहरों, बुनियादी ढांचे और ऊर्जा प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया जा रहा है। यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा कि रूस के एयरस्पेस में ड्रोन की गतिविधियां आने वाले समय में इतनी बढ़ सकती हैं कि विमानन कंपनियों को इसे गंभीरता से ध्यान में रखना होगा। 

जेलेंस्की ने चेतावनी देते हुए कहा कि रूस का एयरस्पेस प्रभावी रूप से बंद होने की स्थिति में पहुंच सकता है। जेलेंस्की ने विशेष रूप से मॉस्को और सेंट पीटर्सबर्ग जाने वाली एयरलाइंस से रूसी हवाई क्षेत्र में मौजूद जोखिमों को गंभीरता से लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि ड्रोन से भरा आसमान नागरिक विमानों के लिए सुरक्षित जगह नहीं है। जेलेंस्की ने स्पष्ट किया कि यूक्रेन का निशाना नागरिक विमान नहीं हैं। उन्होंने कहा कि यूक्रेन रूस के सैन्य ठिकानों और युद्ध प्रयासों को समर्थन देने वाली अर्थव्यवस्था के हिस्सों पर हमला कर रहा है और इसे वह आत्मरक्षा का हिस्सा मानता है।  उन्होंने कहा कि यूक्रेन किसी भी नागरिक विमानन को खतरा नहीं पहुंचाना चाहता और उसका लक्ष्य एक भी नागरिक विमान नहीं है। यूक्रेन का विदेश मंत्रालय रूसी एयरस्पेस में मौजूद जोखिमों से जुड़ी जानकारी अंतरराष्ट्रीय संगठनों के साथ साझा करेगा।

जेलेंस्की ने यह भी कहा कि अमेरिका और एक अन्य वैश्विक शक्ति के अनुरोध पर यूक्रेन ने कुछ दिनों के लिए मॉस्को और सेंट पीटर्सबर्ग पर हमले रोक दिए थे। उनके मुताबिक, 25, 26 और 27 अगस्त को यूक्रेन ने इन हमलों पर अस्थायी रोक का पालन किया। जेलेंस्की ने कहा कि कीव युद्ध खत्म करने के लिए होने वाली हर कूटनीतिक कोशिश का समर्थन करता है। जेलेंस्की की चेतावनी पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पलटवार किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, पुतिन ने नागरिक विमानन की सुरक्षा को लेकर जेलेंस्की के बयान को 'स्टेट टेररिज्म' बताया। पुतिन ने जेलेंस्की की बातचीत की अपील को भी खारिज करते हुए कहा कि आतंकवादियों के साथ बातचीत नहीं की जाती। पुतिन ने यह भी कहा कि रूसी सेना को यूक्रेन के ऊर्जा बुनियादी ढांचे के खिलाफ बड़े पैमाने पर हमले करने का आदेश दिया गया है। उन्होंने संकेत दिया कि इन हमलों का यूक्रेन की अर्थव्यवस्था और कृषि निर्यात पर गंभीर असर पड़ सकता है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!