Wednesday, 07 Oct 2026

जेलेंस्की ने क्रिसमस पर पुतिन के लिए की 'मौत' की कामना, दुनिया हैरान

खारकीव (26 दिसंबर 25)। यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने अपने क्रिसमस संबोधन में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर तीखा हमला करते हुए कहा कि उनकी एक ही कामना है कि 'वह खत्म हो जाएं।' हालांकि ज़ेलेंस्की ने अपने संबोधन में पुतिन का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया, लेकिन उनके बयान को रूस के राष्ट्रपति से जोड़कर ही देखा जा रहा है। ज़ेलेंस्की ने यह बात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किए गए एक वीडियो संदेश में कही।

अपने वीडियो संबोधन में ज़ेलेंस्की ने कहा कि रूस ने यूक्रेन पर जितने भी दुख और हमले किए हैं, उसके बावजूद वह उस चीज़ को न तो छीन पाया है और न ही नष्ट कर पाया है, जो सबसे ज़्यादा मायने रखती है। उन्होंने कहा कि यूक्रेनी लोगों का आपसी भरोसा, एकता और साथ खड़े रहने की भावना आज भी मजबूत है। ज़ेलेंस्की के मुताबिक, यही वह ताकत है, जिसे कोई बम या कब्ज़ा खत्म नहीं कर सकता। ज़ेलेंस्की ने आगे कहा कि पूरे देश की एक ही इच्छा और एक ही सपना है। उन्होंने कहा कि हर यूक्रेनी के मन में यही बात है कि 'वह खत्म हो जाए।' इसके साथ ही उन्होंने यूक्रेन में शांति के लिए प्रार्थना की। ज़ेलेंस्की ने कहा, 'जब हम भगवान से प्रार्थना करते हैं, तो हम कुछ बड़ा मांगते हैं। हम यूक्रेन के लिए शांति मांगते हैं। हम इसके लिए लड़ते हैं, हम इसके लिए प्रार्थना करते हैं और हम इसके पूरी तरह हकदार हैं।'

इससे पहले बुधवार को ज़ेलेंस्की ने युद्ध खत्म करने को लेकर एक अहम बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि अगर मॉस्को भी अपनी सेनाएं पीछे हटाने पर सहमत होता है और संबंधित इलाके को अंतरराष्ट्रीय बलों की निगरानी में एक डीमिलिटराइज़्ड ज़ोन बनाया जाता है, तो यूक्रेन भी अपने पूर्वी औद्योगिक क्षेत्रों से सेना हटाने को तैयार है। ज़ेलेंस्की ने यह बयान रूस के साथ संभावित शांति योजना के तहत दिया था।

Tags:

Follow us

This question is not available..!