Wednesday, 07 Oct 2026

जेलेंस्की ने नरेंद्र मोदी से की बात कर जताया आभार

नईदिल्ली (12 अगस्त 25)। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर लंबी बातचीत की है। जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के साथ सभी महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने प्रधानमंत्री का अपने देश के प्रति गर्मजोशी भरे समर्थन के लिए आभार जताया।

जेलेंस्की ने बातचीत में बताया कि रूस द्वारा यूक्रेन के शहरों और गांवों पर लगातार हमले हो रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से कल ज़ापोरिज्जिया के बस अड्डे पर हुए रूसी बमबारी का जिक्र किया, जिसमें दर्जनों लोग घायल हुए हैं। जेलेंस्की ने कहा कि यह हमला उस समय हुआ है, जब युद्ध को समाप्त करने की कूटनीतिक संभावना बनी हुई है। उन्होंने कहा कि युद्धविराम के लिए तत्परता दिखाने की बजाय रूस कब्जा और हत्याएं जारी रख रहा है। यूक्रेन के राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि भारत शांति प्रयासों का समर्थन कर रहा है और इस बात पर सहमति है कि यूक्रेन से संबंधित हर निर्णय में यूक्रेन की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने रूस के खिलाफ लगाए गए प्रतिबंधों पर भी चर्चा की। जेलेंस्की ने कहा कि रूस की युद्ध जारी रखने की क्षमता को कम करने के लिए रूसी ऊर्जा, खासकर तेल के निर्यात को सीमित करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि रूस पर प्रभाव डालने वाले सभी नेताओं को इस दिशा में मजबूत संदेश देना चाहिए। दोनों नेताओं ने सितंबर में संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान व्यक्तिगत बैठक करने और यात्रा संबंधी आदान-प्रदान बढ़ाने पर भी सहमति जताई।

Tags:

Follow us

This question is not available..!