नईदिल्ली (18 फरवरी 25)। भारत के नए मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) के रूप में ज्ञानेश कुमार की नियुक्ति की घोषणा की गई है। वह 18 फरवरी 2025 को अपने पदभार को संभालेंगे और उनका कार्यकाल 26 जनवरी 2029 तक रहेगा। ज्ञानेश कुमार जोकि 1988 बैच के केरल कैडर के आईएएस अधिकारी हैं, वर्तमान में चुनाव आयुक्त के पद पर कार्यरत हैं और पिछले साल मार्च से इस पद पर कार्य कर रहे थे। वह राजीव कुमार की जगह लेंगे जो 18 फरवरी 2025 को रिटायर हो रहे हैं। इस नियुक्ति के संबंध में जारी अधिसूचना में कहा गया है कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त और अन्य निर्वाचन आयुक्तों (नियुक्ति, सेवा की शर्तें और कार्यकाल) अधिनियम-2023 के तहत राष्ट्रपति ने ज्ञानेश कुमार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त नियुक्त किया है। इस फैसले के साथ, डॉ. विवेक जोशी को अब चुनाव आयुक्त के रूप में नियुक्त किया गया है।
कांग्रेस ने इस नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर सरकार की जल्दबाजी पर सवाल उठाए हैं। पार्टी ने चयन समिति की बैठक को स्थगित करने की मांग की थी, क्योंकि सुप्रीम कोर्ट में इस मामले पर 19 फरवरी 2025 को सुनवाई होने वाली थी। कांग्रेस का कहना है कि जब मामला सुप्रीम कोर्ट में लंबित है, तो सरकार को बैठक स्थगित करनी चाहिए थी। पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया में संवैधानिक और कानूनी मुद्दों की अनदेखी की जा रही है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने यह भी कहा कि 2023 में सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट रूप से यह आदेश दिया था कि मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य निर्वाचन आयुक्तों की नियुक्ति के लिए प्रधानमंत्री, लोकसभा में विपक्ष के नेता और मुख्य न्यायाधीश की समिति होनी चाहिए, लेकिन वर्तमान समिति इस आदेश का उल्लंघन कर रही है।